
दरभंगा। बहादुरपुर थाना क्षेत्र के ओझौल गांव में हुए एएसआई मो. मोबिन को गोली मारने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई मामले की गंभीरता को देखते हुए तेज जांच के तहत की है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान चांडी गांव निवासी सुनील यादव के रूप में हुई है। उसे एएसआई मो. मोबिन को गोली मारने के मामले में नामजद किया गया था। थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और फिर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
यह कार्रवाई एएसआई मो. मोबिन की पत्नी द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर की गई है। शिकायत में सुनील यादव सहित अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद से ही सभी नामजद आरोपियों की पहचान कर ली गई थी और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। घटना 26 जून की सुबह करीब तीन बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, उस समय सुनील सहनी और उसके सहयोगियों ने एएसआई मो. मोबिन पर हमला कर उनके पेट में गोली मार दी थी। इस हमले के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया और भीड़ ने सुनील सहनी की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।
घटना के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा था। दोनों पक्षों की ओर से बहादुरपुर थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।





