बिहार

भाकपा (माओवादी) के टॉप लीडर प्रमोद मिश्रा सहित 2 नक्सली गिरफ्तार

Rani Sahu
10 Aug 2023 4:16 PM GMT
भाकपा (माओवादी) के टॉप लीडर प्रमोद मिश्रा सहित 2 नक्सली गिरफ्तार
x
गया (आईएएनएस)। बिहार के गया जिले के टेकारी प्रखंड से पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के केंद्रीय कमेटी के सदस्य और ईस्टर्न रीजनल ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा सहित दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया है।
गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आशीष भारती ने गुरुवार को बताया कि प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के दोनों सक्रिय सदस्य प्रमोद मिश्रा और अनिल यादव के जिले के टेकारी अनुमंडल में छिपे होने की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के कर्मियों की एक विशेष टीम गठित की गई।
इसके बाद टीम ने दोनों को टेकारी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
भाकपा (माओवादी) के स्वयंभू केंद्रीय कमेटी का सदस्य और ईस्टर्न रीजनल ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा निकटवर्ती औरंगाबाद जिले के कसमा क्षेत्र का रहने वाला है।
जबकि, अनिल यादव गया के एक गांव का रहने वाला है।
प्रमोद मिश्रा की गिनती माओवादियों के संगठन में देश के स्तर पर प्रमुख रणनीतिकार के रूप में होती है। वह वर्षों तक जेल में रहा और 2017 में सबूत के अभाव में छूटने के बाद भूमिगत हो गया।
प्रमोद मिश्रा का नाम वर्ष 2006 में यूनाइटेड स्टेट्स की कंट्री रिपोर्ट्स ऑन टेररिज्म में भी सामने आया था। उस पर बिहार और झारखंड के विभिन्न थाने में दर्जनों मामले दर्ज हैं। उस पर झारखंड सरकार ने इनाम भी घोषित कर रखा है।
Next Story