
भोजपुर। जिले के जगदीशपुर प्रखंड के बौलीपुर में 5 जुलाई को प्रस्तावित बहुजन महापंचायत को प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के कारण स्थगित कर दिया गया है। आयोजन समिति ने कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए कार्यक्रम को अगली तिथि घोषित होने तक टालने का निर्णय लिया है। जानकारी के अनुसार, इस मामले को लेकर शनिवार को जगदीशपुर थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष और जगदेव सेना भोजपुर के जिलाध्यक्ष लाल बहादुर महतो समेत आयोजन समिति के सदस्य मौजूद थे। इस दौरान समिति की ओर से महापंचायत के आयोजन के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) की मांग की गई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने उच्च अधिकारियों से चर्चा के बाद भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर संभावित स्थिति का हवाला देते हुए कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार कर दिया। अधिकारियों ने यह भी संकेत दिया कि प्रस्तावित आयोजन स्थल पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव भी आगे भेजा जा रहा है। प्रशासन के फैसले के बाद नयकाटोला स्थित मुखिया उमेश कुमार सिंह के आवास पर आयोजन समिति की एक बैठक हुई। इस बैठक में हालात की समीक्षा की गई और सर्वसम्मति से महापंचायत को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया गया। समिति ने कहा कि क्षेत्र में धारा 144 लागू होने की संभावना को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
आयोजन समिति के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम को पूरी तरह रद्द नहीं किया गया है, बल्कि अगली तिथि बाद में घोषित की जाएगी। समिति का कहना है कि परिस्थितियों का आकलन करने के बाद नई तारीख तय की जाएगी। बैठक में अभिषेक मेहता, प्रेम मौर्य, अभिषेक सिन्हा, मुलायम सिंह, अरबिंद जी, योगेंद्र कुशवाहा सहित कई सदस्य मौजूद रहे। फिलहाल प्रशासन की सख्ती और अनुमति न मिलने के कारण पूरे इलाके में इस कार्यक्रम को लेकर चर्चा बनी हुई है।





