बिहार

भर्ती गड़बड़ी पर कांग्रेस का प्रदर्शन

Saba Naaz
23 July 2026 2:55 PM IST
भर्ती गड़बड़ी पर कांग्रेस का प्रदर्शन
x

रांची: नीट पेपर लीक और 14वीं जेपीएससी भर्ती में कथित अनियमितताओं को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर अब सड़क पर उतर आया है। गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भाजपा कार्यालय का घेराव किया, जिसके दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रदर्शन के बीच दोनों पक्षों की ओर से टमाटर, अंडे और पत्थर फेंके जाने की घटना सामने आई।

कांग्रेस ने जेपीएससी भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी और नीट पेपर लीक मामले को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाते हुए भाजपा कार्यालय का घेराव किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक पार्टी कार्यालय के बाहर पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।

भाजपा कार्यालय के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी। इसके अलावा वाटर कैनन और दमकल की गाड़ियां भी मौके पर मौजूद रहीं। प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के प्रयास किए गए, लेकिन कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

इससे पहले बुधवार को भाजपा ने भी जेपीएससी और कथित भर्ती घोटालों के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया था। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर युवाओं के मुद्दों को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया था। इसके जवाब में कांग्रेस ने भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर सरकार से जवाब मांगा।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि राज्य और केंद्र स्तर पर प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। पार्टी ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

वहीं भाजपा की ओर से कांग्रेस के आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया जा रहा है। भाजपा नेताओं का कहना है कि विपक्ष युवाओं के मुद्दों को लेकर भ्रम फैलाने का काम कर रहा है और सरकार पारदर्शी तरीके से भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है।

प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने हालात को संभालने के लिए लगातार निगरानी रखी। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी तरह की हिंसा या उपद्रव को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जेपीएससी भर्ती विवाद और नीट पेपर लीक का मुद्दा अब झारखंड की राजनीति का प्रमुख विषय बन चुका है। आने वाले दिनों में भी इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और प्रदर्शन जारी रहने की संभावना है।

Next Story