बिहार

CM Samrat: बिहार कैबिनेट का बड़ा फैसला, 29 प्रस्ताव पास

Saba Naaz
17 Jun 2026 6:59 PM IST
CM Samrat: बिहार कैबिनेट का बड़ा फैसला, 29 प्रस्ताव पास
x

Bihar:मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई बिहार कैबिनेट की बैठक में कुल 29 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में खनन, रोजगार, पर्यटन और प्रशासनिक सुधार से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए। सरकार ने पांच प्रमुख नदियों में बालू की उपलब्धता का विस्तृत सर्वे कराने का भी फैसला किया है।

5 नदियों में बालू सर्वे को मंजूरी

कैबिनेट ने सोन, किऊल, फल्गु, मोरहर और चानन नदियों में बालू की उपलब्धता का अध्ययन कराने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है। इसके लिए 2.32 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। इस सर्वे के तहत यह पता लगाया जाएगा कि मानसून के बाद नदियों में कितनी नई बालू जमा हुई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे खनन की अनुमति दी जाएगी।

युवाओं के लिए भर्ती नियमों में बड़ा बदलाव

सरकार ने नागरिक सुरक्षा विभाग में आशुलिपिक (स्टेनोग्राफर) भर्ती नियमों में संशोधन को मंजूरी दी है। अब इस पद के लिए न्यूनतम आयु सीमा 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष कर दी गई है। साथ ही प्रोबेशन अवधि को 2 वर्ष से घटाकर 1 वर्ष कर दिया गया है। इस फैसले से 12वीं पास और युवा उम्मीदवारों को जल्दी सरकारी नौकरी का अवसर मिलेगा।

वैशाली के बुद्ध स्मारक को नई पहचान

कैबिनेट ने वैशाली में बन रहे बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप के बेहतर संचालन के लिए समिति गठन को मंजूरी दी है। इसके लिए एक सोसायटी का निबंधन भी किया गया है। सरकार का उद्देश्य इस परिसर को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है।

विकास और रोजगार पर सरकार का जोर

बैठक में लिए गए फैसलों को सरकार ने विकास और रोजगार से जुड़ा बताया है। बालू सर्वे, पर्यटन विकास और भर्ती नियमों में बदलाव को राज्य के आर्थिक और प्रशासनिक सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Next Story