बिहार

संवैधानिक दायित्व निभाने में नैतिक रूप से विफल हैं मुख्यमंत्री नीतीश : राकेश सिन्हा

Shantanu Roy
15 Sep 2022 6:27 PM GMT
संवैधानिक दायित्व निभाने में नैतिक रूप से विफल हैं मुख्यमंत्री नीतीश : राकेश सिन्हा
x
बड़ी खबर
बेगूसराय। राज्यसभा सदस्य और राष्ट्रवादी विचारक प्रो. राकेश सिन्हा ने कहा है कि बिहार के बेगूसराय में 30 किलोमीटर तक जो सिरियली गोलीबारी हुई, कोई यह सामान्य घटना नहीं है। दुनिया के लिए यह घटना चौंकाने वाली है। गोलीबारी में घायल मृतक से मिलने गुरुवार को बेगूसराय पहुंचे प्रो. राकेश सिन्हा ने कहा कि दुनिया के इतिहास में आज तक स्कूल, कॉलेज, अफसर के बीच, भरे बाजार में व्यापारी के बीच गोलीबारी हुई थी। लेकिन सामान्य और गरीब लोगों के बीच इस प्रकार गोलीबारी की घटना नहीं हुई थी। बेगूसराय में हुए इस भीषण घटना के पीछे कोई षड्यंत्र काम कर रहा है, उस पर सरकार की चुप्पी आश्चर्यजनक है, प्रशासन अपराध रोकने में विफल है।
उन्होंने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के विरोध में शुक्रवार को जिला मुख्यालय में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष एक दिवसीय सांकेतिक उपवास पर बैठेंगे, क्योंकि बेगूसराय इस षड्यंत्र से बाहर होने के लिए तड़प रहा है। यह देश महात्मा गांधी, दीनदयाल उपाध्याय, राम मनोहर लोहिया का देश है, जहां सत्य और अहिंसा के माध्यम से सब काम सफल हुआ। बेगूसराय के सामाजिक, संप्रदायिक चरित्र को बदलने की कोशिश नाकाम करेंगे, यहां जातीय और धार्मिक एकता बनी रहेगी।
मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री हों या उनकी पार्टी के लोग, जो भी छिपकर बेगूसराय के सांप्रदायिक वर्गीय चरित्र बिगाड़ रहे हैं, यह गलत है। कम्युनिस्ट पार्टी ने वर्गीय संघर्ष का नारा देकर हत्या की राजनीति शुरू की थी, यह जिला उससे उबरा। लेकिन अब एक बार फिर एकता को बिगाड़ने की कोशिश हो रही है। मुख्यमंत्री द्वारा दिया गया बयान संवैधानिक प्रावधानों और मूल्यों के प्रतिकूल है। सरकार उनकी है, मुख्यमंत्री के पास गृह मंत्रालय है, तेजस्वी उपमुख्यमंत्री हैं। भाजपा पर आरोप लगाने के लिए मीडिया में खौंखने की जगह सरकार कार्रवाई करे, भाजपा के लोगों ने अगर हत्या कराई है तो उसे गिरफ्तार करें।
राकेश सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार न्यूनतम संवैधानिक दायित्व निभाने में नैतिक रूप से विफल है, उन्हें बेगूसराय आकर मृतक के परिजनों और घायल से मिलना चाहिए। यह वैचारिक राजनीतिक मामला नहीं है, हमारी राजनीति का शिकार सामान्य आदमी नहीं हो, यह मुख्यमंत्री को सोचना चाहिए। बेगूसराय के साथ नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव दोहरा मापदंड क्यों अपना रहे हैं, जिंदा कौम पांच साल का इंतजार नहीं करती है। पप्पू यादव जहां जहां बम छोड़ेंगे, उस आग को बुझाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता जाएंगे, दिनकर जी ने बेगूसराय को जो चरित्र दिया है, हम उसे बनाए रखने के लिए कृत संकल्पित।
राकेश सिन्हा ने कहा कि पिछले दिनों डीएम-एसपी के साथ हुई बैठक में हमने लॉ एंड ऑर्डर का मामला उठाया था। बेगूसराय में हत्या, लूट, डकैती का एफआईआर तक नहीं होता है। बेगूसराय की हालत बिगड़ती जा रही है, बेगूसराय पिछड़ता जा रहा है। इसका सबसे बड़ा कारण राजनीतिक अपराधी और कांट्रेक्टर का गठजोड़ है, इस गठजोड़ के कारण बेगूसराय 1960, 70, 80 के दशक में जा रहा है। जहां हत्या आम बात थी, बेगूसराय पूरे देश में बदनाम हुआ था। सरकार मदद करे या नहीं करे, हम सामाजिक और व्यक्तिगत स्तर से पीड़ितों की हर संभव मदद करेंगे।
Next Story