बिहार

पिता के संकल्प पूरे करने का चिराग ने लिया संकल्प

Saba Naaz
5 July 2026 3:14 PM IST
पिता के संकल्प पूरे करने का चिराग ने लिया संकल्प
x

लखनऊ: इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में रविवार को केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान अपने पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की जयंती पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान वह मंच से संबोधन के दौरान भावुक हो गए और अपने पिता के विचारों और संघर्षों को याद किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश और बिहार से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर जैसे ही चिराग पासवान पहुंचे, समर्थकों ने जोरदार नारों के साथ उनका स्वागत किया। पूरा परिसर “धरती गूंजे, आसमान… भाई चिराग पासवान” जैसे नारों से गूंज उठा। चिराग ने सभी का अभिवादन हाथ जोड़कर स्वीकार किया।

मंच से संबोधित करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि उनके पिता रामविलास पासवान की बातें और सीख आज भी उनके जीवन में मार्गदर्शन का काम करती हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति और समाज सेवा की जो सीख उन्हें अपने पिता से मिली, वही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। चिराग ने कहा कि उनके पिता के जो भी सपने और संकल्प थे, उन्हें पूरा करने के लिए कार्यकर्ताओं का साथ जरूरी है। इस मौके पर पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और जमुई सांसद अरुण भारती ने भी रामविलास पासवान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा गरीबों, पिछड़ों, मजदूरों और किसानों की आवाज को मजबूती से उठाया। उनकी राजनीति समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रही।

अपने संबोधन में चिराग पासवान ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने समाज को बांटने की राजनीति की है और लोगों को एक-दूसरे से लड़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी समाज को जोड़ने और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। चिराग पासवान ने अपने पिता के विजन का जिक्र करते हुए कहा कि जब देश में मोबाइल फोन आम लोगों की पहुंच से दूर था, तब रामविलास पासवान ने सपना देखा था कि हर व्यक्ति के हाथ में मोबाइल होगा। आज वह सपना काफी हद तक पूरा हो चुका है और मोबाइल फोन गांव-गांव तक पहुंच गया है।

कार्यक्रम के अंत में चिराग ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और रामविलास पासवान के विचारों को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को साथ लेकर विकास की राजनीति करना है। इस कार्यक्रम ने न केवल रामविलास पासवान के राजनीतिक योगदान को याद किया, बल्कि उनके विचारों और संघर्षों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया गया।

Next Story