बिहार

मानवता कल्याण के नित नए खोज संकल्प के साथ बाल विज्ञान कांग्रेस का समापन

Shantanu Roy
6 Nov 2022 6:29 PM GMT
मानवता कल्याण के नित नए खोज संकल्प के साथ बाल विज्ञान कांग्रेस का समापन
x
बड़ी खबर
बेगूसराय। समूचे विश्व मानवता के कल्याण के लिए नित नया खोज कर करते हुए भारत को परम वैभव पर पहुंचने के संकल्प के साथ ही बेगूसराय में चल रहे 30वें राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का रविवार को समापन हो गया। इस बाल विज्ञान कांग्रेस में बिहार के 36 जिला से आए चार सौ से अधिक बाल वैज्ञानिकों ने 262 परियोजना मॉडल प्रस्तुत किए। जिसमें से 50 परियोजना का चयन राज्य स्तर पर किया गया है, सभी चयनित प्रतिभागियों को बिहार सरकार द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। इसके बाद यह सभी मॉडल नौ से 11 दिसम्बर तक पटना के तारामंडल में आयोजित प्रदर्शनी में प्रस्तुत किए जाएंगे। जिसमें से 30 मॉडल का चयन राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए किया जाएगा तथा चयनित किए गए 30 मॉडल को सम्मान देने के साथ इन्हें जनवरी में गांधी नगर गुजरात में आयोजित प्रदर्शनी में शामिल किया जाएगा। उड़ान इंटरनेशनल स्कूल में चल रहे बाल विज्ञान कांग्रेस के समापन सत्र में पदाधिकारी द्वारा जब चयनित बाल वैज्ञानिकों के नाम की घोषणा की गई तो पूरा परिसर खुशी से झूम उठा और सबों को हर्षोल्लास के साथ प्रतीक चिन्ह से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर चयनित बाल वैज्ञानिकों के साथ-साथ भाग लेने वाले सभी जिला के एक-एक स्कूल को बेस्ट स्कूल का सम्मान तथा सभी निर्णायक एवं जिला समन्वयक को भी सम्मानित किया गया।
समापन सत्र में राज्य स्तरीय आयोजन समिति के अध्यक्ष-सह-बिहार प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के संयुक्त सचिव डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने कहा कि बाल वैज्ञानिकों ने जिस उत्कृष्ट वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन किया है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल भारत अभियान को गति देते हुए पूरे विश्व की मानवता का कल्याण करेगा। उम्मीद है कि यहां चयनित किए गए मॉडलों में से कुछ बाल वैज्ञानिकों के मॉडल ना सिर्फ राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे। बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चयनित होकर पूरे विश्व को उसी प्रकार एक नई दिशा देगा, जिस प्रकार हमारे भारत के वैज्ञानिकों ने सबसे पहले कोरोना का वैक्सीन बना लिया। उन्होंने कहा कि केवल जीतने वाला ही नहीं जीतता है, बल्कि हारता तो वह है जो भाग ही नहीं लेता है। मेहनत को जीवन का हथियार बनाकर जागृत अवस्था में देखे जाने वाले सपने सच होते हैं, जो की सोने नहीं देते। आज हिंदुस्तान को पूरी दुनिया गर्व और आशा की निगाहों से देख रही है तो आप वैज्ञानिकों के कारण। विज्ञान संदेश है की जब तक गतिशील रहोगे जिंदा रहोगे, गतिशीलता और चुनौती स्वीकार करना संवेदनशील मानवता का कर्तव्य होता है। राष्ट्रीय शैक्षणिक परिषद के उपाध्यक्ष प्रो. पुलिन बिहारी चक्रवर्ती (पी.बी. चक्रवर्ती) ने गुणवत्तापूर्ण परियोजना बनाने की विधि पर प्रकाश डालते हुए आयोजन को काफी प्रशंसनीय एवं प्रभावी कहा तथा बाल वैज्ञानिकों को काफी प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा की बाल विज्ञान कांग्रेस विज्ञान का महाकुंभ है, जो हर वर्ष जिला से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक आयोजित होता है। पूरे विश्व में इतने बड़े पैमाने पर बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन कहीं नहीं होता है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक सोच और वैज्ञानिक कार्य पद्धति को बढ़ावा देना है, जिसे बिहार के बाल वैज्ञानिक बखूबी निभा रहे हैं।
साइंस फॉर सोसाइटी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि उड़ान इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित यह कार्यक्रम बिहार में बाल वैज्ञानिक चेतना के लिए सुखद है। इस वर्ष लड़कों से ज्यादा लड़कियों की उपस्थित सुखद संदेश है। बाल विज्ञान कांग्रेस में बच्चों की प्रतिभा निखर कर सामने आती है और उनके ही माध्यम से जन-जन में फैलती है। वक्ताओं ने कहा की शिक्षकों की सृजनशीलता का परिणाम यह परियोजना है विश्व स्तर पर बिहार के बाल वैज्ञानिक नाम रोशन करेंगे। ऐसा कार्य नई उड़ान और नई मंजिल की ओर ले जाता है, बहुत कुछ सीखने और नए आइडिया का मौका मिलता है, यह बच्चे नया सूरज बनाकर नया हिंदुस्तान बनाएंगे। साइंस से लोगों का जीवन बेहतर बनाते हुए पर्यावरण को संरक्षित करेंगे। बेगूसराय में तीसरी बार राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, यह इतिहास के पन्नों में लिखा जाएगा, तक्षशिला और नालंदा का वैभव बिहार में एक ना एक दिन लौट कर आएगा। कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त शिक्षक राजेन्द्र नारायण सिंह, बाल विज्ञान कांग्रेस के बेगूसराय जिला समन्वयक हर्षवर्धन कुमार एवं उड़ान इंटरनेशनल स्कूल के अमित कुमार पांडेय तथा धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्य दीपक कुमार शर्मा ने किया। समापन सत्र को बाल विज्ञान कांग्रेस के प्रदेश संयोजक मो. जयाउल्लाह, क्षेत्रीय समन्वयक मनोज कुमार सिंह, कृष्ण कुमार, विनोद कुमार, दीपक कुमार, माध्यमिक शिक्षक संघ के मुंगेर प्रमंडल अध्यक्ष राम पुकार प्रसाद सिंह एवं डीपीओ नितेश कुमार आदि ने भी संबोधित किया।
Next Story