बिहार

समस्तीपुर में बच्चा चोरी गिरोह का भंडाफोड़

Saba Naaz
26 Jun 2026 8:49 PM IST
समस्तीपुर में बच्चा चोरी गिरोह का भंडाफोड़
x

Bihar: समस्तीपुर जंक्शन से चोरी हुए आठ माह के बच्चे को रेल पुलिस ने सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है। यह बच्चा सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र के बलुआ नारायणपुर से सुरक्षित हालत में मिला और बाद में उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया। इस मामले में पुलिस ने दो झोलाछाप डॉक्टर समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

रेल पुलिस की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि बेटे की चाह में बच्चे का 3.80 लाख रुपये में सौदा किया गया था। यह पूरा मामला 14 जून का है, जब गोविंदपुर खजूरी निवासी रंजीत राय अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ हैदराबाद जाने के लिए समस्तीपुर जंक्शन पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपियों ने परिवार को अपने जाल में फंसा लिया। पुलिस के अनुसार, शांति देवी और सन्नी साहनी ने पहले परिवार से दोस्ती की और फिर भीड़ का फायदा उठाकर दंपती को ट्रेन में चढ़ने से रोक दिया। इसी बीच मौका पाकर शांति देवी ने सो रहे आठ माह के बच्चे को लेकर परीक्षा स्पेशल ट्रेन से मुजफ्फरपुर चली गई। इसके बाद बच्चा अलग-अलग लोगों के हाथों से गुजरता हुआ एक संगठित नेटवर्क तक पहुंच गया।

जांच में सामने आया कि बच्चे को पहले मुजफ्फरपुर, फिर मेहसी ले जाया गया, जहां उसे सन्नी साहनी के जरिए सुनील कुमार के क्लीनिक में रखा गया। रातभर वहीं रखने के बाद बच्चे को विकास कुमार को सौंप दिया गया। इसके बाद अंततः उसे सारण जिले की सुमन देवी तक पहुंचाया गया, जिसने कथित रूप से बेटे की चाह में 3.80 लाख रुपये में बच्चे को खरीद लिया। रेल पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क का खुलासा सीसीटीवी फुटेज और करीब पांच लाख कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच के बाद किया। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में सन्नी साहनी, सुनील कुमार, शांति देवी, सुमन देवी और विकास कुमार शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, सन्नी साहनी को इस सौदे में 1.30 लाख रुपये मिले थे। जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी सन्नी साहनी के खिलाफ पहले से हत्या का मामला दर्ज है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संभावित कनेक्शनों की भी जांच कर रही है। रेल थाना प्रभारी बीरबल कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने इस पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया। पुलिस टीम में कई अधिकारियों और सीआईबी कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस कार्रवाई के बाद परिवार को उनका मासूम बच्चा वापस मिल गया, जिससे राहत की सांस ली गई, हालांकि इस घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है।

Next Story