मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पैतृक गांव लखनपुर में परिवार संग की छठ पूजा

पटना: बिहार में लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। पटना, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, गयाजी और दरभंगा समेत राज्य के विभिन्न जिलों में बने छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। व्रतियों ने विधि-विधान से भगवान भास्कर की पूजा कर परिवार और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने गृह जिले मुंगेर के तारापुर स्थित पैतृक गांव लखनपुर में परिजनों के साथ छठ पूजा की। उन्होंने सोमवार सुबह उत्तर टोला स्थित छठ घाट पर पहुंचकर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
लखनपुर में मुख्यमंत्री का ग्रामीणों ने किया स्वागत
मुख्यमंत्री रविवार देर रात सड़क मार्ग से पटना से लखनपुर पहुंचे थे। सोमवार सुबह परिवार के सदस्यों के साथ घाट पर पहुंचकर उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना की। इस दौरान घाट पर मौजूद ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने उनका अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने भी लोगों से मुलाकात कर छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
पूजा के बाद सम्राट चौधरी ने तारापुर विधानसभा क्षेत्र के रणगांव में विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण किया। इस दौरान पर्व को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
नितिन नवीन ने आवास पर की पूजा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी सोमवार को पटना स्थित अपने आवास पर छठ पूजा की। उन्होंने भगवान सूर्य और छठी मैया को नमन करते हुए देशवासियों तथा बिहार के लोगों की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
नितिन नवीन ने कहा कि छठ का कठिन व्रत अनुशासन, पवित्रता और आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कामना की कि छठी मैया की कृपा सभी पर बनी रहे और लोग हर साल इसी उत्साह के साथ पर्व मनाते रहें।
स्वच्छता और अनुशासन का संदेश देता है पर्व
नितिन नवीन ने कहा कि छठ महापर्व के माध्यम से बिहार की परंपरा, संस्कृति और स्वच्छता का संदेश देश-दुनिया तक पहुंच रहा है। उनके अनुसार, यह पर्व पवित्रता, शुचिता और अनुशासन के महत्व को भी सामने लाता है।
सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिनों तक चले इस महाअनुष्ठान की धार्मिक परंपराएं पूरी हुईं। घाटों पर पूजा के बाद प्रसाद वितरण हुआ और श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।





