बिहार

मुख्यमंत्री नीतीश मलमास मेले का निरीक्षण करने राजगीर पहुंचे

mukeshwari
8 July 2023 1:55 PM GMT
मुख्यमंत्री नीतीश मलमास मेले का निरीक्षण करने राजगीर पहुंचे
x
मलमास मेले का निरीक्षण
बिहार। राजकीय राजगीर मलमास मेला 18 जुलाई से शुरू हो रहा है। मेले की तैयारी का जायजा लेने के लिए शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजगीर पहुंचे। सड़क मार्ग से मुख्यमंत्री करीब एक बजे राजगीर पहुंचे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मलमास मेला शुरू होने के पहले दूसरी बार राजगीर आए हैं। इससे पहले दो जून को मलमास मेले की तैयारी का निरीक्षण करने मुख्यमंत्री राजगीर पहुंचे थे। जिला प्रशासन के द्वारा भी लगातार मलमास मेला की तैयारी को लेकर निरीक्षण किया जा रहा है। डीएम शशांक शुभंकर नियमित कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं।
साधु-संतों के लिए अलग व्यवस्था
आने वाले श्रद्धालुओं के किसी भी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए स्टेट गेस्ट हाउस मैदान में टेंट सिटी का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा राजगीर स्थित सरस्वती नदी और वैतरणी नदी की उड़ाही कर घाटों का जीर्णोद्धार कराया गया है। कहा जाता है कि एक महीने तक 33 कोटि देवी-देवता राजगीर में ही प्रवास करते हैं। इसे लेकर देश के कोने-कोने से साधु-संत शाही स्नान और लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा करने के लिए राजगीर पहुंचते हैं। साधु-संतों के आवासन के लिए भी अलग से व्यवस्था की जा रही है। राजगीर आने वाले श्रद्धालुओं को पहली बार पीने के लिए शुद्ध गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए जगह-जगह पर गंगाजल के नल की व्यवस्था की गई है।
श्रद्धालुओं को पीने के लिए मिलेगा गंगाजल
मुख्यमंत्री राजगीर पहुंचकर सबसे पहले वैतरणी घाट गए। जहां उन्होंने वैतरणी नदी में की गई उड़ाही और बनाए गए घाटों का निरीक्षण किया। इसके बाद ब्रह्म कुंड परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने बारीकी से किए गए कार्यों का निरीक्षण किया। ब्रह्म कुंड परिसर में सप्तधारा का निरीक्षण करने के दौरान उन्होंने गर्म पानी का सेवन भी किया। राजगीर में आने वाले श्रद्धालुओं को इस बार गंगाजल पीने के लिए मिलेगा। इसकी शुरुआत भी सीएम नीतीश कुमार ने कर दी। मुख्यमंत्री ने पूरे परिसर का घूम-घूम कर जायजा लिया। हालांकि वे मीडिया से बिना मुखातिब हुए ही पटना लौट गए।
मलमास मेला में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए टेंट सिटी की व्यवस्था, शुद्ध गंगाजल, स्वच्छ शौचालय व स्नानागार, प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम के अलावा उनकी सुरक्षा के लिए केंद्रीय नियंत्रण कक्ष और 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे से निगरानी भी की जाएगी।
महागठबंधन में सब ठीक है?
राजगीर में एक और देखने वाली दिलचस्प चीज दिखी जहां होर्डिंग और बैनर में सिर्फ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही नजर आए। जबकि उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की तस्वीर कहीं नहीं दिखी। कुछ दिनों से चल रहे जदयू और राजद के बीच सियासी उठापटक के बीच बैनर पोस्टर में यह साफ संकेत दे रहे हैं कि महागठबंधन में शायद कुछ ठीक नहीं चल रहा है।
mukeshwari

mukeshwari

प्रकाश सिंह पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में हैं। साल 2019 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा। फिलहाल, प्रकाश जनता से रिश्ता वेब साइट में बतौर content writer काम कर रहे हैं। उन्होंने श्री राम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी लखनऊ से हिंदी पत्रकारिता में मास्टर्स किया है। प्रकाश खेल के अलावा राजनीति और मनोरंजन की खबर लिखते हैं।

    Next Story