बिहार

कप्तान हरमनप्रीत सिंह को उम्मीद, हॉकी एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करेगा भारत

SHIDDHANT
25 Aug 2025 7:49 PM IST
कप्तान हरमनप्रीत सिंह को उम्मीद, हॉकी एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करेगा भारत
x

BIHAR बिहार: ऐतिहासिक शहर राजगीर पहली बार पुरुष हॉकी एशिया कप की मेजबानी करने जा रहा है। टूर्नामेंट का आयोजन 29 अगस्त से 7 सितंबर 2025 के बीच होगा। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को ट्रॉफी का अनावरण किया। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह इस टूर्नामेंट को लेकर खासे उत्साहित हैं और उन्होंने उम्मीद जताई है कि भारतीय टीम शानदार प्रदर्शन करेगी। हरमनप्रीत सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि टीम की तैयारी बेहतरीन रही है। "हमारी तैयारी शानदार रही है। पिछले डेढ़ महीने से कैंप और टूर के जरिए हमने खुद को तैयार किया है। उम्मीद है कि पहले मैच से ही हम अच्छा प्रदर्शन करेंगे। हॉकी में दोनों 'डी' अहम होती हैं, और हर मौके पर बेहतरीन खेलना जरूरी है," उन्होंने कहा। कप्तान ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम के प्रदर्शन पर भी संतोष जताया। उन्होंने बताया कि उस दौरे पर 24 खिलाड़ियों को मौका दिया गया था और सभी ने उम्दा खेल दिखाया।

इस बार का 12वां हॉकी एशिया कप पाकिस्तान के बिना खेला जाएगा। इस पर हरमनप्रीत ने कहा, "अगर पाकिस्तान की टीम खेलती तो फैंस के लिए और ज्यादा रोमांचक होता। भारत-पाकिस्तान मुकाबले में दर्शकों की भावनाएं जुड़ी रहती हैं। हालांकि, भविष्य में हम उनके खिलाफ जरूर खेलेंगे।" बिहार में महिला हॉकी मुकाबले पहले आयोजित हो चुके हैं, जिनमें दर्शकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया था। हरमनप्रीत को उम्मीद है कि पुरुष टीम को भी फैंस का भरपूर समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा, "महिलाओं के खेल को यहां खूब सराहा गया था। मुझे विश्वास है कि इस बार भी दर्शक हमें उसी तरह का प्यार देंगे।" भारत का पहला मुकाबला 29 अगस्त को चीन से होगा। इसके बाद 31 अगस्त को जापान और 1 सितंबर को कजाकिस्तान से भिड़ंत होगी। भारत को पूल-ए में चीन, जापान और कजाकिस्तान के साथ रखा गया है। दूसरी ओर, पूल-बी में साउथ कोरिया, बांग्लादेश, मलेशिया और चीनी ताइपे शामिल हैं। राजगीर में होने वाला यह आयोजन बिहार और भारतीय हॉकी दोनों के लिए ऐतिहासिक क्षण होगा। इस टूर्नामेंट से न केवल खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका मिलेगा बल्कि बिहार में खेल संस्कृति को भी नई पहचान मिलेगी।

Next Story