
सीवान (मैरवा): भरत भूषण तिवारी की कथित पुलिस हिरासत में मौत के मामले को लेकर रविवार शाम मैरवा नगर में बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। घटना के विरोध में सैकड़ों लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की।
कैंडल मार्च की अगुवाई भाजपा नेता सौमिल उपाध्याय और धनंजय पांडेय ने की। यह मार्च गुठनी मोड़ से शुरू होकर मझौली रोड और मेन रोड होते हुए राजेंद्र पार्क पहुंचा, जहां सभी लोगों ने भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखा।
सैकड़ों लोग हुए शामिल
मार्च में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और युवा शामिल हुए। सभी के हाथों में जलती मोमबत्तियां थीं। प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की और दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। इस दौरान लोगों ने न्याय के समर्थन में नारेबाजी भी की और माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा।
भाजपा नेताओं की मांग
भाजपा नेताओं ने कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। नेताओं ने यह भी कहा कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिलना चाहिए।
‘न्याय मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष’
प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने कहा कि जब तक भरत तिवारी के परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक आंदोलन और आवाज उठाने का सिलसिला जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से भी इस न्याय की लड़ाई में साथ देने की अपील की।





