
Bihar: बक्सर जिले में मानसून की अनिश्चित स्थिति ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। आसमान में दिनभर काले बादल तो छा रहे हैं, लेकिन बारिश नहीं होने से खेत सूखे पड़े हैं। लगातार बदलते मौसम और बादलों की आंख-मिचौली से नमी की कमी बनी हुई है, जिससे खेती का काम प्रभावित हो रहा है।
किसानों का कहना है कि सुबह से शाम तक कई बार बादल छाते हैं और मौसम कुछ समय के लिए सुहाना भी हो जाता है, लेकिन बारिश नहीं होती। इस कारण खेतों में पर्याप्त नमी नहीं बन पा रही है और उमस लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे ग्रामीण भी परेशान हैं।
धान की रोपनी में देरी सबसे बड़ी समस्या बनकर सामने आई है। किसानों के अनुसार रोहिणी नक्षत्र में डाले गए धान के बिचड़े अभी पूरी तरह रोपाई के लिए तैयार नहीं हो पाए हैं। आद्रा नक्षत्र शुरू होने के बावजूद पर्याप्त बारिश नहीं होने से धान की रोपनी का काम प्रभावित हो रहा है।
हालांकि किसानों के लिए थोड़ी राहत की बात यह है कि नहर में पानी पहुंचने लगा है। कोरानसराय-डुमरांव रजवाहा में पानी रामपुर से आगे बढ़कर नावाडीह डेरा तक पहुंच गया है, जिससे सिंचाई की उम्मीद जगी है।
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले हल्की बूंदाबांदी से राहत मिली थी, लेकिन उसके बाद तेज धूप और बादलों की लुकाछिपी से उमस और बढ़ गई है। किसान अब अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं ताकि धान की रोपनी समय पर पूरी हो सके और खेती को नुकसान से बचाया जा सके।





