बिहार

व्यवसायी की गोली मारकर हत्या

Admin4
24 Aug 2023 12:39 PM IST
व्यवसायी की गोली मारकर हत्या
x
नालंदा। बिहार के नालंदा जिले में मंगलवार देर रात घात लगाए बदमाशों ने एक भूसा व्यवसायी की गोली मार हत्या कर दी। मामला छबीलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खरजम्मा मोड़ के समीप की है। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के पटेल नगर टोला निवासी स्वर्गीय बालेश्वर सिंह के (38) वर्षीय पुत्र अजय कुमार के रूप में की गई है। अजय सिंह के बेटे शाहिल कुमार ने बताया उसके पिता ड्राइवर के लिए खाना लेकर बीती शाम घर से निकले थे। जहां रास्ते में ही घेरकर बदमाशों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। फिलहाल परिजन किसी से किसी प्रकार की दुश्मनी की बात से इनकार कर रहे हैं। वहीं हत्या के कारणों का भी पता नहीं चल सका है। अजय कुमार सिंह भूसा का कारोबार करते थे। इसके साथ ही उनकी अपनी 2 ट्रक है। जिसे भूसा के काम के उपयोग में लगाया जाता था। बीती रात जब वह अपने ड्राइवर को खरजम्मा मोड़ के समीप से रात का खाना देकर वापस घर लौट रहे थे। तभी अज्ञात बदमाशों के द्वारा मोड़ से थोड़ी दूरी पर ही तेज बारिश का फायदा उठाते हुए ताबड़तोड़ 3 गोली मार हत्या कर दी गई। गोली पेट, गर्दन एवं सिर में लगी है। ड्राइवर ने फोन कर घर वालों को बताया कि जब वह खाना देकर घर लौट रहें थे। तभी अज्ञात बदमाशों के द्वारा अजय सिंह को गोलीमार हत्या कर दी गई। घर और आस पड़ोस वाले सूचना मिलने के उपरांत घटनास्थल पर पहुंचे और इस बात की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। छबीलापुर थाना अध्यक्ष अखिलेश झा ने बताया कि गोली मारकर हत्या की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। ड्राइवर को हिरासत में लेकर पुलिस से पूछताछ कर रही है। सभी पहलुओं की बारीकी से जांच पड़ताल किया जा रहा है।
Next Story