बिहार

लापता बच्ची का शव बरामद, दुष्कर्म के बाद हत्या

Anuj kumar Rajora
28 July 2023 10:54 AM GMT
लापता बच्ची का शव बरामद, दुष्कर्म के बाद हत्या
x

बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना प्रकाश में आई है। आरोप है कि एक 10 वर्षीय बच्ची की दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई और शव को छिपाने की नियत से घर के बेसमेंट में ही दफना दिया गया। इस मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

बच्ची का शव मिलने के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और आरोपी के घर में घुसकर तोड़फोड़ की और आग लगा दी। इस बीच घटना को लेकर सियासत भी शुरू हो गई है।

बताया जाता है कि 10 वर्षीय बच्ची 24 जुलाई से लापता थी। परिजनों ने पुलिस के सामने पड़ोसी पर शक जाहिर किया। पड़ोसी के नौकरों से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने शव को पड़ोसी गुड्डू सिंह के घर के बेसमेंट से गुरुवार की रात बरामद कर लिया।

आरोप है कि पड़ोसी के घर बच्ची मेहंदी तोड़ने गई थी और उसे पकड़कर ना सिर्फ उसके साथ दुष्कर्म किया बल्कि उसकी हत्या कर घर के बेसमेंट में दफना दिया। तेघड़ा के पुलिस उपाधीक्षक रविंद्र मोहन प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने शव बरामद कर लिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आगे की जांच की जा रही है।

बच्ची के शव मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए और आरोपी के घर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान घर में तोड़फोड़ की गई और घर के बाहर आग लगा दी गई। इस घटना में कई वाहन के जलने की सूचना है। इसके बाद अग्निशमन दस्ते ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

इस घटना को लेकर बेगूसराय के सांसद और भाजपा के नेता गिरिराज सिंह ने नीतीश सरकार पर जोरदार निशाना साधा है। गिरिराज सिंह ने ट्वीट किया कि नीतीश कुमार जी ने बिहार को नर्क बना दिया है। बेगूसराय के बछवाड़ा में 10 साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या कर दी जाती है और मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लिखित शिकायत के बाद भी पुलिस दो आरोपियों को थाने बुलाकर छोड़ देती है और बाद में शव उनके घर से ही बरामद किया गया।

Next Story