बिहार

PM मोदी के 25 साल के सेवा कार्य पर BJP का ‘सेवा संकल्प’ अभियान, गांव-गांव जाएंगे कार्यकर्ता

SHIDDHANT
7 Sept 2026 10:02 PM IST
PM मोदी के 25 साल के सेवा कार्य पर BJP का ‘सेवा संकल्प’ अभियान, गांव-गांव जाएंगे कार्यकर्ता
x
Bihar बिहार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) देशभर में एक महीने तक ‘सेवा संकल्प’ अभियान चलाएगी। इसको लेकर पटना में बीजेपी विधायक दल की बैठक आयोजित की गई, जिसमें पार्टी सांसदों, पदाधिकारियों और विभिन्न आयोगों व बोर्ड से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बीजेपी सांसद राधा मोहन सिंह ने बैठक के बाद जानकारी देते हुए बताया कि विधायक दल की बैठकें नियमित रूप से होती हैं, लेकिन सोमवार की बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों को लेकर अभियान की तैयारी करना था।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में एक महीने का ‘सेवा संकल्प’ अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर सेवा कार्यों को आगे बढ़ाएंगे और लोगों से जुड़ने का काम करेंगे। राधा मोहन सिंह ने कहा कि 25 साल पहले नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद उन्होंने गुजरात और देश के लिए लगातार सेवा कार्य किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के इसी सेवा भाव से प्रेरणा लेकर बीजेपी कार्यकर्ता इस अभियान को मजबूत करेंगे।
बीजेपी सांसद ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर से अभियान की शुरुआत होगी। पूरे एक महीने तक अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा कार्य किए जाएंगे। इसके लिए पार्टी संगठन स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बैठक में पार्टी के सभी सांसदों, विधायक दल के सदस्यों, पदाधिकारियों और विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया। नेताओं ने अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका पर चर्चा की।
बीजेपी का कहना है कि इस अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के सेवा कार्यों और जनकल्याण योजनाओं को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ता समाज के विभिन्न वर्गों के बीच जाकर सेवा गतिविधियों में भाग लेंगे। राधा मोहन सिंह ने कहा कि यह अभियान केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पूरी जिम्मेदारी के साथ इसमें भाग लेने की अपील की।
Next Story