बिहार

किसानों के साथ बर्बरता के विरोध में भाजपा का एक दिवसीय धरना

Admin Delhi 1
17 Jan 2023 2:48 PM GMT
किसानों के साथ बर्बरता के विरोध में भाजपा का एक दिवसीय धरना
x

नवादा: बक्सर जिले के चौसा प्रखंड अंतर्गत बनारपुर गांव में बिहार सरकार के दमनकारी नीतियों की वजह से किसानों पर हुए पुलिसिया बर्बरता सहित रोहतास जिले के किसानों की विभिन्न समस्याओं तथा आदिवासी युवती की हत्या के विरोध में भारतीय जनता पार्टी की रोहतास जिला इकाई ने जिला समाहरणालय के समक्ष सोमवार को एक दिवसीय धरने का आयोजन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि बनारपुर में महिलाओं एवं बच्चों पर पुलिस ने जिस तरह बर्बरता पूर्ण व्यवहार किया वह काफी निंदनीय है। महिलाओं एवं बच्चों पर हुए लाठीचार्ज को कहीं से भी जायज नहीं ठहराया जा सकता। इसलिए भारतीय जनता पार्टी आदिवासी युवती की हत्या सहित किसानों की समस्या एवं पुलिसिया बर्बरता के खिलाफ बिहार सरकार का पूरजोर विरोध करती है।

वहीं धरने को संबोधित करते हुए रोहतास कैमूर के विधान पार्षद संतोष कुमार सिंह ने कहा कि किसानों की आवाज दबाने के लिए जिस तरीके से बिहार सरकार पुलिसिया अत्याचार कर रही है वह बिल्कुल ही शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि बक्सर में किसानों को घरों से घसीट कर उनकी मां बहनों को पीटा गया। जिससे साफ जाहिर होता है कि वर्तमान बिहार सरकार किसान विरोधी सरकार है तथा भाजपा बिहार सरकार से दोषी पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने की मांग करती है। अगर हमारी मांगे पूरी नहीं हुई तो आगे भी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन किया जाएगा। धरना प्रदर्शन के दौरान विधान पार्षद निवेदिता सिंह, पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद, पूर्व विधायक सत्यनारायण यादव, संतोष पटेल, पंकज सिंह, उमेश पांडे, मंगलानंद पाठक सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Next Story