बिहार
बिहार में बढ़ते अपराध के खिलाफ जिला मुख्यालयों पर भाजपा का धरना
Shantanu Roy
14 Sep 2022 6:06 PM GMT

x
बड़ी खबर
पटना/लखीसराय। प्रदेश में लगातार हो रही अपराध की घटना के विरोध में बुधवार को भाजपा ने पटना सहित पूरे जिला मुख्यालयों पर धरना दिया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने नीतीश सरकार और लखीसराय एसपी पर जमकर निशाना साधा। धरना में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा, राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी, मुंगेर विधायक प्रणव यादव, बिहारशरीफ के विधायक डॉ. सुनील कुमार सहित कई भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। धरना में शामिल होने लखीसराय पहुंचे राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने लखीसराय में महिला से गैंगरेप और बेगूसराय में दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना की निंदा करते हुए नीतीश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लखीसराय में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म और मेदनी चौकी में किराना व्यवसाई के घर भीषण डकैती मामले में अपराधी अब भी फरार है।
सुशील मोदी ने कहा कि यहां के एसपी का मन इतना बढ़ चुका है कि वे नेता प्रतिपक्ष का फोन तक नहीं उठाते हैं। लगता है फिर बिहार लालू के दौर में पहुंचता जा रहा है। बिहार सरकार के कई मंत्री अपराध में संलिप्त हैं। यही वजह है कि अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। अपराध नियंत्रण को लेकर सीएम लगातार बैठक कर रहे हैं लेकिन नतीजा कुछ भी नहीं निकलता दिख रहा है। नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि लखीसराय जिले को अपराधियों के हवाले नहीं होने देंगे। एसपी यदि फोन नहीं उठाएगा तो जनता इसका जवाब देगी। सिन्हा ने कहा कि गैंगरेप की घटना हुए पांच दिन हो गये हैं लेकिन आरोपितों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो पायी है। लखीसराय एसपी बालू और दारू के चक्कर में कानून व्यवस्था का धता बता रहे हैं। सभी थानों की बोली लगती है। जो ज्यादा बोली लगाता है उसे यहां थाना प्रभारी बनाकर सुरक्षित कर दिया जाता है।
Next Story