बिहार

JDU नेता कुशवाहा से बढ़ी भाजपा की नजदीकी

Admin Delhi 1
21 Jan 2023 8:56 AM GMT
JDU नेता कुशवाहा से बढ़ी भाजपा की नजदीकी
x

पटना न्यूज: बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन में उपजे विवाद के बाद दिल्ली एम्स में भर्ती जनता दल (यूनाइटेड) संसदीय बोर्ड के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं के मिलने के बाद कुशवाहा के भाजपा में शामिल होने की चर्चा तेज हो गई है। कुशवाहा इन दिनों रूटीन चेकअप के लिए दिल्ली एम्स में भर्ती हैं। इसी बीच दिल्ली एम्स से आयी कुछ तस्वीरें चर्चा का विषय बनी हुई है। तस्वीरों में देखा जा रहा है कि भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व विधायक संजय टाइगर, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल और भाजपा नेता योगेंद्र पासवान ने दिल्ली एम्स में भर्ती उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। मुलाकात के दौरान उपेंद्र कुशवाहा बेड पर लेटे हैं जबकि भाजपा के तीनों नेता कुर्सी पर बैठे हैं।

भाजपा नेताओं के उपेंद्र कुशवाहा से मिलने के बाद इस संभावना को बल मिला है कि कुशवाहा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को झटका देकर भाजपा के साथ जा सकते हैं। इधर, दिल्ली एम्स में उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात के बाद भाजपा के नेता प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि ये मुलाकात औपचारिक थी। कुशवाहा एम्स में भर्ती थे, इसलिए उनका कुशलक्षेम पूछने भाजपा के नेता गए थे। पटेल ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा भाजपा और एनडीए के पुराने सहयोगी रहे हैं, इसलिए वे लोग एम्स में जाकर उपेंद्र कुशवाहा का हालचाल जाना। इसे राजनीति से जोड़कर देखना सही नहीं। उल्लेखनीय है कि उपेंद्र कुशवाहा ने अपनी पार्टी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी का नीतीश कुमार की पार्टी जदयू में विलय कर दिया था। इसके बाद कुशवाहा को संसदीय बोर्ड का राष्ट्रीय अध्यक्ष और एमएलसी बनाया था। लेकिन मंत्री नहीं बनाया गया। पिछले दिनों कुशवाहा के उप मुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा भी थी, लेकिन नीतीश कुमार ने इसे सिरे से नकार दिया। वैसे, पिछले दिनों कुशवाहा ने भाजपा में जाने की किसी भी संभावना से इंकार किया था, लेकिन एम्स से निकली इस तस्वीर ने भाजपा के साथ उनकी नजदीकियों को जगजाहिर कर दिया है।

Next Story