बिहार

भाजपा ने अपमानित और पार्टी तोड़ने की साजिश कर हमें गठबंधन तोड़ने पर विवश किया: उमेश सिंह कुशवाहा

Shantanu Roy
11 Aug 2022 8:47 AM GMT
भाजपा ने अपमानित और पार्टी तोड़ने की साजिश कर हमें गठबंधन तोड़ने पर विवश किया: उमेश सिंह कुशवाहा
x
बड़ी खबर
पटना। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा है कि भाजपा ने अपमानित और पार्टी तोड़ने की साजिश की, जिस कारण हमें गठबंधन तोड़ने पर विवश होना पड़ा। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष कुशवाहा ने बुधवार को कहा कि भाजपा, समाजवादी सोच को ध्वस्त करने पर आमादा है। नफरत भरे अभियान को चलाकर संविधान और लोकतंत्र पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। यही नहीं वो जदयू और राजद जैसी क्षेत्रीय पार्टियों का अस्तित्व तक खत्म करना चाहती है, जिससे उनकी लोकतंत्र विरोधी सोच भी उजागर होती है। बिहार की मिट्टी में ही समाजवादी और लोकतांत्रिक सोच है और जदयू व राजद दोनों समाजवादी धारा से निकली हुई पार्टियां हैं। समय की मांग पर हम सभी ने एकजुट हो नई ताकत, नए संकल्प, नई ऊर्जा और नए तेवर के साथ आम लोगों के अधिकारों की रक्षा एवं साम्प्रदायिक शक्तियों का मुकाबला करने के लिए पूरे देश को एक नए राजनीतिक ध्रुवीकरण का आधार दिया है।
उन्होंने कहा कि अगस्त क्रांति दिवस पर बिहार के इस सामाजिक और राजनैतिक क्रांति का संदेश देशव्यापी होगा। एनडीए के घटक दलों में बढ़ती बेचैनी लगातार स्पष्ट हो रही थी। एनडीए के सबसे पुराने घटक दल अकाली दल और शिवसेना भी भाजपा की इन हरकतों के कारण उससे अलग हो गए। हालांकि जदयू ने अंत तक गठबंधन धर्म निभाने का भरपूर प्रयास किया, परंतु भाजपा ने जदयू नेतृत्व को लगातार अपमानित करने और पार्टी को तोड़ने की साजिश की और हमें गठबंधन तोड़ने पर विवश किया। भाजपा ने 2020 के चुनाव में चिराग पासवान को सामने कर जदयू को कमजोर करने की कोशिश की। तब हमलोगों का वोट तो उन्हें ट्रांसफर हुआ, लेकिन उनका वोट हमें नहीं मिला। अब पुनः आरसीपी सिंह के माध्यम से पार्टी को कमजोर करने और विधायकों को तोड़ने की साजिश रच रहे थे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हम सबके सर्वमान्य नेता नीतीश कुमार अपनी छवि और कार्यशैली के लिए ना केवल बिहार बल्कि देश और दुनिया में जाने जाते हैं, लेकिन हाल के दिनों में हमारे घटक दल ने उनकी छवि और कार्यशैली के विपरीत काम किया। इसके आलोक में और समय की मांग पर हम सब एकजुट होकर नई ताकत, नए संकल्प, नई ऊर्जा और नए तेवर के साथ साम्प्रदायिक शक्तियों का मुकाबला करेंगे और बिहार का नव निर्माण करेंगे।
Next Story