
जनता से रिश्ता वेबडेस्क : आरा में हत्या में आरोपित एक विचाराधीन बंदी के होटल में शादी की सालगिरह की पार्टी मनाने के मामले में जवानों पर आखिरकार गाज गिर ही गयी। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी संजय कुमार सिंह की ओर से सदर अस्पताल के कैदी वार्ड की सुरक्षा में तैनात चारों जवानों को सस्पेंड कर दिया गया। इसे लेकर बुधवार को एसपी की ओर से जिला आदेश भी जारी कर दिया गया है। निलंबित जवानों में कृष्णा कुमार, आदित्य रंजन, जयकुमार राम व अनामिका रंजन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार चारों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गयी है। इधर, एसपी ने बताया कि चारों जवानों के खिलाफ जांच चल रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी। बता दें कि हत्या के आरोप में पुलिस ने कुछ समय पहले गजराजगंज ओपी क्षेत्र के कारीसाथ निवासी विनोद सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। फिलहाल वह इलाज के नाम पर आरा सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती था। शनिवार रात शादी का सालगिरह मनाने परिजनों के साथ शहर के एक होटल में चला गया था। वहां वह लजीज व्यंजन का लुत्फ उठा रहा था। तभी किसी ने एसपी को सूचना कर दी थी। एसपी के आदेश पर नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने उसे होटल से पकड़ा था। उस मामले में उसके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज करायी गयी है।
