बिहार

Bihar: चमकी बुखार से बचाव के लिए सख्त तैयारी

Dolly
14 Jun 2026 4:02 PM IST

बिहार:छपरा में चमकी बुखार और जापानी इंसेफेलाइटिस को लेकर बड़ा जागरूकता अभियान, गांव-गांव चल रही रात्रि चौपाल | छपरा जिले में चमकी बुखार (एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम) और जापानी इंसेफेलाइटिस के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसका उद्देश्य है कि जिले का कोई भी बच्चा इस खतरनाक बीमारी का शिकार न बने। इसके लिए गांव-गांव रात्रि चौपाल आयोजित की जा रही है और लोगों को बीमारी से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं।

रिविलगंज प्रखंड सहित कई ग्रामीण इलाकों में चल रही इन चौपालों में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हो रहे हैं। यहां प्रोजेक्टर के जरिए जागरूकता वीडियो दिखाए जा रहे हैं, जिससे लोग आसान भाषा में बीमारी के लक्षण, बचाव और समय पर इलाज की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। यह अभियान गांवों में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों में जागरूकता बढ़ रही है।

स्वास्थ्य विभाग ने इसके साथ ही हाईटेक जागरूकता रथ भी शुरू किया है, जो गांव-गांव, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर जाकर लोगों को संदेश दे रहा है। इस रथ में ऑडियो-वीडियो सिस्टम और जीपीएस ट्रैकिंग की सुविधा है, जिससे इसकी निगरानी भी की जा रही है।

कचनार गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में स्थानीय मुखिया, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, आशा कार्यकर्ता और जीविका समूह की अहम भूमिका रही। बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कई लोग अपने घरों की छतों से भी जागरूकता फिल्में देखते नजर आए।

स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों ने अभिभावकों को बताया कि बच्चों को खाली पेट न सुलाएं, सोने से पहले हल्का मीठा दें और रात में बच्चों की स्थिति पर नजर रखें। यदि तेज बुखार, बेहोशी या शरीर में ऐंठन जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत अस्पताल ले जाएं।

जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी ने कहा कि सामुदायिक जागरूकता ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है। इसी कारण यह अभियान लगातार गांव-गांव तेज किया जा रहा है, ताकि हर परिवार तक सही जानकारी पहुंच सके और बच्चों को सुरक्षित रखा जा सके।

Next Story