बिहार

Bihar : बेतिया अंचल कार्यालय में छापेमारी, 15 हजार लेते डेटा एंट्री ऑपरेटर गिरफ्तार

Kavita2
16 Jun 2026 1:25 PM IST
Bihar : बेतिया अंचल कार्यालय में छापेमारी, 15 हजार लेते डेटा एंट्री ऑपरेटर गिरफ्तार
x

Bihar बिहार: बेतिया सदर अंचल कार्यालय में मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे निगरानी विभाग की टीम ने छापेमारी कर रिश्वत लेते एक डेटा एंट्री ऑपरेटर को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई से अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया।

गिरफ्तार कर्मचारी की पहचान डेटा एंट्री ऑपरेटर राजकुमार के रूप में हुई है, जिसे 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। निगरानी टीम ने मौके से ही उसे हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी और बाद में उसे पटना ले जाया गया।

मामला बेतिया अंचल के बरवत परसाइन गांव के निवासी बालेश्वर कुमार से जुड़ा हुआ है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उनकी जमीन की जमाबंदी ट्रांसफर कराने के लिए उनसे रिश्वत की मांग की जा रही थी।

जानकारी के अनुसार, बालेश्वर कुमार की ढाई धुर जमीन की जमाबंदी लॉक हो गई थी। इस लॉक को खोलने और जमाबंदी ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी करने के लिए उनसे 15 हजार रुपये की मांग की गई थी। शिकायत के अनुसार, यह राशि अंचल कार्यालय में ही ली जा रही थी।

निगरानी विभाग की टीम को पहले से इस मामले की सूचना मिली थी, जिसके बाद जाल बिछाकर कार्रवाई की गई। जैसे ही डेटा एंट्री ऑपरेटर ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मचारियों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। निगरानी टीम ने पूरे मामले से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच शुरू कर दी है।

इस गिरफ्तारी के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी सवाल उठने लगे हैं कि जमीन से जुड़े कामों में भ्रष्टाचार की शिकायतें लगातार क्यों सामने आ रही हैं।

फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और निगरानी विभाग आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटा है।

Next Story