
Bihar बिहार : सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। लोजपा (रामविलास) के प्रखंड अध्यक्ष अरुण यादव के 24 वर्षीय बेटे राकेश कुमार की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।
इस हमले में राकेश की माँ और पत्नी भी घायल हो गईं। घटना सलखुआ थाना क्षेत्र के डीह टोला वार्ड नंबर 10 की है। राकेश कुमार हैदराबाद में एक प्राइवेट कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था और एक महीने पहले ही अपने गांव लौटा था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार वालों के मुताबिक, राकेश के पिता अरुण यादव किसी राजनीतिक काम से बाहर थे। तभी उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनके बेटे और पत्नी को पीटा गया है। जब वे गांव पहुंचे तो देखा कि बेटा गंभीर रूप से घायल था और बाद में उसकी मौत हो गई।
माँ रंभा देवी (60 वर्ष) को भी बुरी तरह पीटा गया है। अरुण यादव ने बताया कि गांव के कपूरचंद यादव से खेत को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। थाने में दोनों पक्षों की शिकायत भी दर्ज है। इस मामले को खत्म करने के लिए दबाव डाला जा रहा था और धमकी भी मिल रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी विवाद के कारण उनके बेटे पर जानलेवा हमला किया गया। घटना की सूचना मिलते ही सिमरी बख्तियारपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) मुकेश कुमार ठाकुर मौके पर पहुंचे और दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। वहीं सहरसा सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि यह घटना पुरानी रंजिश का नतीजा है और मामले की जांच की जा रही है।





