बिहार
बिहार: खगड़िया में एक लाख का इनामी कुख्यात अपराधी मिथिलेश महतो मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
jantaserishta.com
29 Nov 2026 9:39 AM IST

x
खगड़िया: बिहार के खगड़िया जिले में पुलिस ने एक लाख रुपए के इनामी और लंबे समय से वांछित कुख्यात अपराधी मिथिलेश महतो को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को पुलिस की संयुक्त टीम के साथ हुई मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, मिथिलेश पर हत्या समेत 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर सात हत्याओं में शामिल होने के आरोप हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि शनिवार को मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर जानकारी मिली थी कि मिथिलेश महतो चौथम थाना क्षेत्र में मौजूद है और एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। वह चौथम थाना कांड संख्या 181/26 के मुख्य चश्मदीद गवाह की हत्या की योजना बना रहा था। इस मामले में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या हुई थी, जबकि परिवार की 10 वर्षीय बच्ची और घटना की चश्मदीद गवाह गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद बच गई थी।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सबसे पहले गवाह की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया। इसके बाद एसडीपीओ सदर-1 के नेतृत्व में विशेष संयुक्त टीम गठित की गई। इसमें एसटीएफ एसओजी-3, अभियान दल-8, डीआईयू खगड़िया और चौथम थाना की पुलिस शामिल थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि संयुक्त टीम ने चौथम थाना क्षेत्र के एकरा इलाके में अभियुक्त के ठिकाने पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही मिथिलेश ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ नियंत्रित फायरिंग की। इस दौरान गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया। घटनास्थल से एक पिस्तौल, एक देसी कट्टा, कारतूस और हथौड़ी समेत अन्य सामान बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, मिथिलेश का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। वर्ष 2015 में दिल्ली के सराय रोहिला थाना क्षेत्र में उसने अपने मकान मालिक के परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर दी थी। इस मामले में उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी। करीब नौ साल जेल में रहने के बाद वह उच्च न्यायालय से जमानत पर बाहर आया था। इसके बाद नवंबर 2024 में खगड़िया के गंगौर थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर अजय कुमार साह की हत्या कर शव जमीन में गाड़ने का आरोप भी उस पर लगा। जून 2026 में चौथम थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या के मामले में भी वह वांछित था। इस हमले में एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई थी, जो बच गई और मामले की प्रमुख गवाह बनी।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले के सिरिसिया थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत भी उसके खिलाफ दो मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, उसके खिलाफ नेपाल में भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। बिहार पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





