बिहार

बिहार : नहीं हुई सामान्य बारिश, पिछड़ रही खेती

Admin2
22 Jun 2022 12:19 PM GMT
बिहार : नहीं हुई सामान्य बारिश, पिछड़ रही खेती
x

जनता से रिश्ता : भोजपुर में रोहिणी एवं मृगडाह नक्षत्रों में सामान्य से भी कम बारिश होने और सोन नहर में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचाने से खेती पिछड़ रही है। खेतों में धान का बिचड़ा डालने का कार्य भी पिछड़ गया है। जून माह में सामान्य वर्षापात की तुलना में जिले में 55 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इसके चलते किसान परेशान हैं। लक्ष्य की अपेक्षा अब तक 40 प्रतिशत धान का बिचड़ा ही डाला जा सका है। नहरों में भी जरूरत के मुताबिक पानी नहीं पहुंचाने से किसानों की समस्या बढ़ गई है, जबकि नहर के भरोसे 86,495 हेक्टेयर में धान की खेती होती है। जिले में जून माह में सामान्य बारिश 49.8 एमएम होनी चाहिए, जबकि 22.6 एमएम बारिश ही अब तक हुई है।

इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। जिले में 11657 हेक्टेयर में धान का बिचड़ा डालने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक 4229 हेक्टेयर खेतों में ही बिचड़ा डाला गया है। रोहिणी एवं मृगडाह नक्षत्र के बीत जाने के बाद आज बुधवार से आद्रा नक्षत्र की शुरुआत हो जायेगी। इस नक्षत्र में शत-प्रतिशत धान का बिचड़ा डाल दिया जाता है। वैसे किसान निजी बोरिंग से धान का बिचड़ा महंगे डीजल की खरीदारी कर डाल रहे हैं। नहर में 1400 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की मांग सोन नहर प्रमंडल, आरा के कार्यपालक अभियंता ने इंद्रपुरी बराज के मुख्य अभियंता से की है। इंद्रपुरी बराज में पानी की कमी के कारण रिहंद एवं बाणसागर से पानी की मांग की गई है, परंतु अब तक नहीं मिला है। इसके चलते नहर में पानी का संकट बना हुआ है। बता दें कि जिले के सोन नहरी क्षेत्र के 1,15,000 हेक्टेयर में धान की खेती की जाती है। सिंचाई के लिए यह क्षेत्र पूरी तरह सोन नहर के पानी पर निर्भर रहता है।

सोर्स-hindustan

Next Story