बिहार

बिहार में ठगबंधन नहीं, विकास और सुशासन चाहिए; एनडीए को दें प्रचंड बहुमत

SHIDDHANT
5 Nov 2025 9:24 PM IST
बिहार में ठगबंधन नहीं, विकास और सुशासन चाहिए; एनडीए को दें प्रचंड बहुमत
x
Bihar बिहार: विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र एनडीए ने अपने प्रचार अभियान को तेज कर दिया है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को मधुबनी जिले के बेनीपट्टी विधानसभा क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशी विनोद नारायण झा के समर्थन में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जनता से एनडीए के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की और विपक्षी गठबंधन पर तीखे हमले बोले।
मौर्य ने कहा कि 11 नवंबर को बिहार के भविष्य, विकास और सुशासन के लिए वोट देना जरूरी है। उन्होंने कहा, “महागठबंधन असल में ठगबंधन है, जो सिर्फ झूठे वादों और फर्जी दावों से जनता को भ्रमित करने का काम करता है। लालू यादव के शासनकाल में बिहार में जंगलराज और गुंडाराज था, जहां आम जनता को विकास का सपना तक नहीं दिखता था।”
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने अंधकार से प्रकाश की ओर यात्रा की है। अब हर घर में बिजली पहुंची है, सड़कों का जाल बिछा है और राज्य विकास के पथ पर अग्रसर है। मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के तहत एनडीए गठबंधन बिहार को एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने गरीबों के कल्याण, महिलाओं के सशक्तिकरण और युवाओं के रोजगार सृजन के क्षेत्र में ठोस कदम उठाए हैं। आने वाले समय में यह विकास यात्रा और भी गति पकड़ेगी।
बेनीपट्टी में जनसभा के बाद उपमुख्यमंत्री मौर्य ने मिथिला हॉट रिजॉर्ट्स, झंझारपुर में प्रवासी लोकसभा प्रभारी एवं विधानसभा प्रभारियों के साथ बैठक की। बैठक में चुनावी रणनीति, संगठनात्मक सशक्तीकरण और बूथ स्तर पर समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
मौर्य ने कहा कि बिहार की जनता ने विकास और स्थिर सरकार का जो रास्ता चुना है, उसे और मजबूत करना एनडीए का लक्ष्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता एक बार फिर एनडीए को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाएगी और बिहार को विकास के नए युग में ले जाएगी।
Next Story