
बिहार|जहानाबाद: शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार का पार्थिव शरीर पहुंचा गांव, उमड़ा जनसैलाब असम के जोरहाट एयरबेस में एएन-32 विमान दुर्घटना में शहीद हुए भारतीय वायुसेना के फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार का पार्थिव शरीर रविवार को उनके पैतृक गांव जहानाबाद जिले के हुलासगंज प्रखंड स्थित बनवरिया पहुंचा। शहीद के अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि के लिए गांव सहित पूरे जिले से हजारों की संख्या में लोग उमड़ पड़े। हर तरफ “भारत माता की जय” और “शहीद शुभम अमर रहें” के नारों से माहौल गूंज उठा।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11 बजे पार्थिव शरीर को जोरहाट से बिहटा एयरपोर्ट लाया गया, जहां से सैन्य सम्मान के साथ उन्हें उनके पैतृक गांव के लिए रवाना किया गया। रास्ते में अरवल मोड़, सुकियावां सहित कई स्थानों पर लोगों ने फूल बरसाकर शहीद को श्रद्धांजलि दी। बनवरिया गांव स्थित उच्च विद्यालय परिसर में भारतीय वायुसेना और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में उन्हें अंतिम सलामी दी गई। इस दौरान मगध रेंज के आईजी, जहानाबाद डीएम, एसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अंतिम दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ी और लोग नम आंखों से अपने वीर सपूत को विदाई देते नजर आए।
अंतिम संस्कार कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री सह केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी, सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव, पूर्व सांसद अरुण कुमार, जगदीश शर्मा, विधायक ऋतुराज और राहुल शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। शहीद शुभम कुमार जहानाबाद जिले के बनवरिया गांव के निवासी थे। असम में हुए इस विमान हादसे में उनके साथ वायुसेना के कुल पांच कर्मियों की मौत हुई थी। उनकी शहादत की खबर से पूरे जिले में शोक की लहर फैल गई, जबकि लोगों में उनके प्रति गर्व और सम्मान का भाव भी देखने को मिला।





