बिहार

बिहार को झमाझम का इंतजार, कम पानी के चलते सूखे हैं धान के खेत

Admin4
22 July 2022 9:57 AM GMT
बिहार को झमाझम का इंतजार, कम पानी के चलते सूखे हैं धान के खेत
x

पटना: बिहार में इस साल मॉनसून ने जबरदस्त आंखमिचौली खेली है। इसका सबसे ज्यादा नुकसान किसानों को झेलना पड़ रहा है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने जो पूर्वानुमान जारी किया है उसके हिसाब से 23 जुलाई तक प्रदेश में ठीक ठाक बारिश की संभावना है। लेकिन वर्षा का अनुपात अभी भी काफी कम है। खासतौर पर धान की खेती के समय पटना समेत कई जिलों में जितनी बारिश होनी चाहिए, उतनी नहीं हुई है। बड़ी बात ये है कि इसकी वजह से कई क्षेत्रों में किसानों ने धान की रोपणी अब तक नहीं की है। धान की मोढ़ी अभी तक खेतों में ही लगी हुई है। जमीन में हद से कम नमी होने के चलते ट्रैक्टर तक से जुताई मुश्किल है। ऐसे में जोरदार बारिश ही किसानों की एकमात्र उम्मीद है।

क्या इस बार बिहार में ढंग से बरसेगा मॉनसून

धान की खेती के लिए पानी अमृत के जैसा होता है, जितना बरसे उतना कम। लेकिन 2022 में अब तक कमजोर पड़े मॉनसून के चलते हाल ये है कि इस पर काफी खराब असर पड़ा है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक एक बार फिर से राज्य में मॉनसून के जोर पकड़ने की संभावना बढ़ रही है। अभी तक की बात करें तो बिहार में सामान्य से कम बारिश ही हुई है।

दो दिन की बारिश से पारा गिरा

हालांकि बुधवार और गुरुवार को हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दे दी है। नहीं तो इससे पहले हाल ये था कि लोगों को सावन में जेठ जैसी गर्मी झेलनी पड़ रही थी। पटना मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर और दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटे के अंदर जोरदार बारिश हो सकती है।

Next Story