बिहार

Bihar Flood: नालंदा में 6 स्थानों पर तटबंध टूटा, कई जिलों में नदियां उफान पर

Bharti Sahu 2
5 Aug 2024 5:20 AM GMT
Bihar Flood: नालंदा में 6 स्थानों पर तटबंध टूटा, कई जिलों में नदियां उफान पर
x
Bihar Flood: बिहार में एक ओर सुखाड़ तो दूसरी ओर बाढ़ की स्थिति बन रही है। नालंदा के लोकाइन नदी समेत कई जिलों की नदियां उफान पर हैं। अक्टूबर 2021 के तीन साल बाद पहली बार बारिश से नालंदा जिले की नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। शनिवार की रात करीब तीन बजे जिले के पश्चिमी क्षेत्र से होकर गुजरने वाली फल्गु नदी की शाखा लोकाइन नदी उफान पर पहुंच गयी है। वहीं जहानाबाद के घोसी में फल्गु नदी में वर्ष 2016 के बाद इतना अधिक पानी आया। नदी उफनाई तो मोदनगंज प्रखंड के मंडई, भतु विगहा, बराड़ी, मिर्जापुर समेत कई इलाकों के वधार में बाढ़ का पानी घुस गया। वहीं मिर्जापुर- वरक्षी विगहा जाने वाला मुख्य ग्रामीण सड़क दो जगह पर पानी के तेज बहाव में बह गया। जिसके कारण इन दो गांवों का संपर्क भंग हो गया है। बेगूसराय के बलिया के दियारा इलाके में अगस्त महीना आते ही गंगा के जलस्तर में तेजी से वृद्धि शुरू हो गयी है। इससे गंगा किनारे के गांवों के समीप कटाव भी तेजी से जारी है। गंगा के जलस्तर में करीब 10 सेंटीमीटर प्रति घंटा की वृद्धि आंकी जा रही है। बिहार के आठ जिलों में सोमवार को भारी बारिश की संभावना है। वहीं उत्तर बिहार के एक-दो स्थानों पर गरज व तड़क के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को राज्य के उत्तर-पूर्व के भाग के जिलों में भारी बारिश हुई। वहीं पश्चिमी चंपारण, शिवहर और नवादा को छोड़कर अन्य जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई। पटना सहित प्रदेश के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई।
Next Story