
Bihar बिहार : विधानसभा चुनाव से कुछ ही दिन पहले सीएम नीतीश कुमार ने मंगलवार को राज्य की सभी सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण की घोषणा की। यह केवल बिहार के स्थायी निवासियों पर लागू होगा। सोशल मीडिया पर इस बारे में जानकारी साझा करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य में सरकारी सेवाओं की सभी श्रेणियों और चरणों में सीधे भर्ती होने वाली मूल रूप से बिहार की महिला उम्मीदवारों को 35 प्रतिशत आरक्षण अलग से प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय शासन और प्रशासन में महिलाओं की अधिक भागीदारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पटना में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक के बाद यह घोषणा की गई। अधिकारियों ने कहा कि इस निर्णय का उद्देश्य महिला सशक्तीकरण के लिए राज्य की प्रतिबद्धता को मजबूत करना और सभी विभागों में अधिक महिलाओं को लाना है। आरक्षण के साथ-साथ बिहार सरकार बिहार युवा आयोग की स्थापना करने की भी योजना बना रही है। इसका उद्देश्य राज्य की युवा आबादी की जरूरतों और आकांक्षाओं को पूरा करना है। बिहार के युवाओं को अधिक रोजगार के अवसर, प्रशिक्षण और सशक्तीकरण प्रदान करने और उनकी क्षमता निर्माण के उद्देश्य से बिहार युवा आयोग की स्थापना करने का निर्णय लिया गया है। नीतीश कुमार ने कहा कि कैबिनेट ने आज इसे मंजूरी दे दी है।





