
Patna.पटना। राजधानी के आसपास बढ़ते शहरीकरण को देखते हुए राज्य सरकार ने दानापुर, फुलवारीशरीफ और खगौल के शहरी क्षेत्र का विस्तार किया है। इन तीनों निकायों में आसपास के नए ग्रामीण इलाकों को नगर परिषद क्षेत्र में शामिल किया गया है। नगर विकास एवं आवास विभाग के इस प्रस्ताव पर राज्य कैबिनेट ने मंगलवार को अपनी मंजूरी दे दी। इसके साथ ही दानापुर, फुलवारीशरीफ और खगौल शहर का क्षेत्रफल अब 49.05 वर्ग किलोमीटर हो गया है। विभागीय जानकारी के अनुसार दानापुर निजामत नगर परिषद में फरीदनपुर, मैनपुरा, जमसौत (आंशिक), ढिबरा, कोथवां, मस्तफापुर (आंशिक), बबक्करपुर, आशोपुर (आंशिक) और नसीरपुर गांव को शामिल किया गया है।
इस बदलाव के बाद दानापुर नगर परिषद का क्षेत्रफल 23.14 वर्ग किलोमीटर हो जाएगा, जिसमें वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार कुल जनसंख्या एक लाख 95 हजार 564 है। इसी तरह फुलवारीशरीफ नगर परिषद क्षेत्र में कुरकुरी, भुसौला दानापुर, नोहसा और नवादा के ग्रामीण इलाके शामिल किए गए हैं। इस बदलाव के बाद फुलवारीशरीफ नगर परिषद का कुल क्षेत्रफल 16.51 वर्ग किलोमीटर हो गया है, जिसकी कुल जनसंख्या एक लाख 13 हजार 594 हो जाएगी। राजधानी से सटे एक अन्य नगर परिषद खगौल का क्षेत्रफल बढ़ाकर 9.4 वर्ग किलोमीटर कर दिया गया है। इसमें सैदपुरा, आदमपुर कला, आदमपुर खुर्द, संदलपुर, बड़ी खगौल, लखनी बिगहा, खेदलपुरा, मुस्तफापुर, आशोपुर और सरारी शामिल हैं।
खगौल नगर परिषद की आबादी 65 हजार 451 होगी। शहरी सुविधाओं का मिलेगा लाभ, होगा सुनियोजित विकास: पटना से सटे दानापुर, फुलवारीशरीफ और खगौल के शहरी क्षेत्रों का क्षेत्रफल बढ़ाने से इन क्षेत्रों का सुनियोजित तरीके से विकास हो सकेगा। तीनों नगर परिषदों की बड़ी आबादी को अब शहरी सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। जिन ग्रामीण इलाकों को शहरी क्षेत्र में शामिल किया गया है, वहां अब नगर निकाय सड़क, बिजली, जलापूर्ति, जलनिकासी आदि की व्यवस्था करेंगे। इन इलाकों में बड़ी संख्या में मकान और अपार्टमेंट भी बन रहे हैं, जिनकी निगरानी और स्वीकृति नगर निकायों द्वारा दी जाएगी।





