बिहार

Bihar : साली की शादी में जीजा की हत्या, ससुराल पक्ष पर लगा आरोप

Saba Naaz
24 Jun 2025 9:53 PM IST
Bihar : साली की शादी में जीजा की हत्या, ससुराल पक्ष पर लगा आरोप
x

Bihar बिहार : पूर्णिया में पत्नी की बहन की शादी में गए जीजा की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप युवक के ससुराल वालों पर लगा है। युवक की मौत पूर्णिया जीएमसीएच में इलाज के दौरान हुई है।

घटना कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र के छोटी भसदीरा गांव की है। मृतक की पहचान मधुबनी थाना क्षेत्र के मेहता टोला निवासी मूसो ततमा के पुत्र विकास कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर लाश को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया और मामले की जांच पड़ताल कर रही है। घटना के संबंध में मृतक के चचेरे भाई राजन कुमार ने बताया कि 18 जून को कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र के छोटी भसदीरा गांव में उनके भाई विकास कुमार की पत्नी की बहन की शादी थी।

इसलिए विकास शादी में शामिल होने के लिए ससुराल पहुंचे थे। वहीं पर किसी बात को लेकर ससुराल वालों से लड़ाई हो गई। लड़ाई के दौरान ससुराल वालों ने दामाद की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में दामाद गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों का आरोप है कि घायल होने के 3 दिन बाद भी युवक का कोई इलाज नहीं कराया गया। जब उनकी तबीयत काफी खराब होने लगी, तब आनन-फानन में इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान विकास ने दम तोड़ दिया।

ससुराल वालों का कहना है कि विकास शराब पीते थे और शादी के दिन अधिक शराब पी ली थी, जिसके कारण शादी समारोह में भी शामिल नहीं हो पाए। ससुराल वालों का कहना है कि विकास शराब के नशे में कहीं गिरने के कारण जख्मी हो गये थे, इसके बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं केहाट थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया। के हाट थाना थानाध्यक्ष उदय कुमार ने बताया कि मृतक युवक के परिजनों के फर्द बयान लिया गया है। मामले को बरारी थाना को फॉरवर्ड कर दिया जाएगा।

Next Story