बिहार

बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दिल्ली में गृहमंत्री से की मुलाकात, पार्टी कार्यकर्ताओं को फंसाने की शिकायत की

Rani Sahu
1 Aug 2023 4:39 PM GMT
बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दिल्ली में गृहमंत्री से की मुलाकात, पार्टी कार्यकर्ताओं को फंसाने की शिकायत की
x
पटना (आईएएनएस)। बिहार भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी के नेतृत्व में मंगलवार को दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान बिहार में मुहर्रम के दौरान एक साजिश के तहत भाजपा के कार्यकर्ताओं को विभिन्न मामलों में फंसाने की शिकायत की।
सम्राट चौधरी ने बताया कि इस मामले में गृह मंत्री ने त्वरित निर्णय लेते हुए मंत्रालय की एक उच्चस्तरीय टीम भेजने का आदेश दिया है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि मुहर्रम के दौरान संवेदनशील इलाकों में सरकार द्वारा सही तरीके से पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति नहीं किए जाने के कारण कई जिलों जैसे कैमूर, दरभंगा, भागलपुर, गोपालगंज, अररिया, औरंगाबाद में तनाव की स्थिति उत्पन्न हुई थी। भाजपा नेता ने कहा कि सरकार के निर्देश पर पुलिस अब इन मामलों में भाजपा कार्यकर्ताओं को फंसा रही है।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सरकार नाकामी छिपाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही है। इससे पहले भी रामनवमी पर्व के मौके पर भी सासाराम और बिहार शरीफ में सरकार का रवैया ऐसा ही रहा था। सासाराम में तो शांति बहाली की कोशिश कर रहे भाजपा के पूर्व विधायक को ही फंसाया गया।
प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष सम्राट चौधरी के अलावा सांसद गोपाल जी ठाकुर, रामकृपाल यादव और अशोक यादव शामिल रहे।
Next Story