PM आवास योजना में बड़ा घोटाला, लाभार्थी की जगह दूसरे के खाते में गई रकम

Shivhar.शिवहर। पीएम आवास योजना: पहले आवास योजना की सूची में नाम दर्ज कराने के लिए रिश्वत ली गई और जब आवास स्वीकृत हुआ तो लाभुक के आवास की पहली किस्त की राशि किसी और के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी गई। प्रधानमंत्री आवास योजना में सर्वे से लेकर सूची तैयार करने तक भ्रष्टाचार व्याप्त है। अब राशि ट्रांसफर करने में फर्जीवाड़ा का मामला सामने आया है। ताजा मामला पिपराही प्रखंड के अंबाकला का है। यहां आधा दर्जन लाभुकों के आवास योजना की पहली किस्त की 40 हजार की राशि वास्तविक लाभुक के बजाय किसी और के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी गई है। मामले को लेकर अंबाकला वार्ड 5 निवासी पार्वती देवी ने जिलाधिकारी और बीडीओ को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में अंबा उत्तरी के आवास सहायक बाल विक्रम रंजन पर किसी और के बैंक खाते में राशि भेजने का आरोप लगाया है। बताया जाता है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उनका नाम चयनित हुआ था। पहली किस्त की 40 हजार की राशि उनके खाते में नहीं आई।
वह आवास सहायक से लेकर प्रखंड कार्यालय तक का चक्कर लगाती रही। हर बार यही कहा जाता रहा कि बैंक खाता की जांच की जाएगी। यह भी कहा गया कि प्रथम किस्त का भुगतान हो चुका है। कई बार बैंक खाता की जांच की गई। लेकिन उनके खाते में पैसा नहीं आया। बताया गया कि बाद में पता चला कि आवास सहायक द्वारा 40 हजार रुपये का भुगतान गलत तरीके से दूसरे व्यक्ति के खाते में भेज दिया गया है। बताया जाता है कि उनकी तरह आधा दर्जन लोगों का पैसा भी गलत तरीके से किसी दूसरे के बैंक खाते में भेज दिया गया है। इधर, आवास पर्यवेक्षक अजीत कुमार ने स्वीकार किया है कि आवास सहायक की गलती से पार्वती देवी की प्रथम किस्त की राशि किसी दूसरे के खाते में चली गई है। राशि की वसूली कर सही लाभुक के खाते में पैसा भेजा जाएगा। बता दें कि पिछली बार भी आवास योजना के तहत लाखों रुपये का फर्जीवाड़ा कर गबन किया गया था। पिछली बार राशि यूपी में रहने वाले लोगों के बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी। यह मामला अभी जांच के दायरे में है।





