
x
अपहरण के तुरंत बाद कर दी गई थी बंटी की हत्या
Patna : पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित न्यू मार्केट इलाके से 6 जुलाई की रात अगवा किए गए कारोबारी बंटी कुमार की हत्या अपहरण वाले दिन ही कर दी गई थी. पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) पांच दिनों तक उनकी तलाश करती रही. आखिरकार लगातार हुई बारिश ने उस राज से पर्दा उठा दिया, जिसे आरोपियों ने बालू में दफन कर छिपाने की कोशिश की थी.
शनिवार को अथमलगोला थाना क्षेत्र के सूर्यपुरा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे एक गड्ढे से बंटी कुमार का सड़ा-गला शव बरामद किया गया. शव की हालत बेहद खराब थी. चेहरे का बड़ा हिस्सा और एक हाथ गल चुका था, जबकि सिर मिट्टी में दबा हुआ मिला. शरीर पर केवल बनियान और अंडरवियर था.
कलावा और कड़े से हुई पहचान
शव की पहचान परिजनों ने हाथ में बंधे कलावा, कड़ा और पैर में लगी रॉड के आधार पर की. पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम (FSL) को बुलाकर साक्ष्य भी जुटाए, ताकि हत्या से जुड़े अहम सुराग मिल सकें.
शरीर पर मिले कई चोटों के निशान
प्रारंभिक जांच में बंटी कुमार के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले हैं. आशंका है कि अपहरण के बाद आरोपियों ने उनकी बेरहमी से पिटाई की. जब वह अधमरी हालत में पहुंच गए, तब गला दबाकर उनकी हत्या कर दी गई. इसके बाद शव को अथमलगोला के सूर्यपुरा गांव के पास गड्ढे में डालकर बालू और पत्तों से ढंक दिया गया.
पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि बंटी को अथमलगोला ले जाकर प्रताड़ित किया गया और अधमरी हालत में ही दफना दिया गया हो.
बारिश बनी हत्या का सबसे बड़ा गवाह
पिछले दो दिनों में हुई बारिश के कारण गड्ढे में डाली गई बालू और पत्तियां हट गईं. इससे शव का कुछ हिस्सा बाहर दिखाई देने लगा. भैंस चरा रहे एक युवक की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही अथमलगोला थाना पुलिस और बाढ़ एसडीपीओ रामकृष्ण मौके पर पहुंचे. जांच के बाद परिजनों को बुलाया गया, जिन्होंने शव की पहचान बंटी कुमार के रूप में की.
मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर
बंटी कुमार के परिजनों ने 7 जुलाई को रवीश, रोहित, एक किन्नर सहित सात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी. पुलिस ने अब तक कच्ची दरगाह निवासी रितेश कुमार, रवीश के भाई बजरंगी और ऑटो चालक रोहित कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
हालांकि परिजनों का आरोप है कि इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी रवीश अभी भी फरार है और पुलिस उसे गिरफ्तार करने में सफल नहीं हुई है.
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
पुलिस इस सनसनीखेज अपहरण और हत्या मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. फॉरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हत्या की पूरी साजिश का खुलासा होने की उम्मीद है.
Next Story





