
Bihar बिहार: बिहार में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ों की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। भोजपुर जिले में पिछले दो वर्षों के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच हुई पांच अलग-अलग मुठभेड़ों में आठ बदमाश पुलिस की कार्रवाई का शिकार हुए हैं। इनमें दो अपराधियों की मौत हो चुकी है, जबकि छह घायल अवस्था में गिरफ्तार किए गए हैं।
इन घटनाओं के जरिए पुलिस ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि राज्य में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
ताजा मामला शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौंटी गांव का है, जहां बुधवार को पुलिस टीम एक वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
भोजपुर जिला के शाहपुर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान अपराधी भरत तिवारी को गोली लग गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया।
हालांकि इलाज के दौरान आरोपी भरत भूषण तिवारी की मौत हो गई। पुलिस ने मौके से हथियार भी बरामद किए हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल था और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज थे। गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जब उसके ठिकाने पर पहुंची, तो उसने भागने की कोशिश करते हुए फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी।
इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
स्थानीय प्रशासन ने भी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि अपराधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई कानून के दायरे में की जा रही है।





