बिहार

भरत तिवारी: महापंचायत में छलका दर्द, भावुक हुआ माहौल

Saba Naaz
24 Jun 2026 4:16 PM IST
भरत तिवारी: महापंचायत में छलका दर्द, भावुक हुआ माहौल
x

Bihar: भोजपुर के बिलौटी गांव में भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर आयोजित महापंचायत के दौरान एक बेहद भावुक दृश्य देखने को मिला। हजारों लोगों की मौजूदगी में जब भरत तिवारी के पिता काशीनाथ तिवारी मंच पर पहुंचे तो वे अपने बेटे को याद कर खुद को संभाल नहीं सके और फूट-फूटकर रो पड़े। इस दौरान पूरा माहौल गमगीन हो गया और मौजूद लोग भी भावुक हो उठे।

भरत के पिता ने कहा कि उनका बेटा भरत देशभक्त था और हमेशा समाज, गांव और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे रहता था। उन्होंने कहा कि भरत लोगों की समस्याओं को उठाता था और न्याय के लिए आवाज बुलंद करता था। उन्होंने भावुक होकर कहा कि “यहां खड़े हर युवा में मुझे मेरा बेटा भरत नजर आ रहा है।” यह कहते हुए उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े और वे मंच पर ही रोने लगे।

महापंचायत में मौजूद लोगों ने भी इस भावुक पल पर गहरा दुख व्यक्त किया। कुछ समय के लिए पूरा माहौल शांत और गमगीन हो गया। हालांकि इसके बाद भीड़ ने “भरत तिवारी अमर रहे” के नारे लगाए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।

इस महापंचायत में भोजपुर के साथ-साथ आसपास के जिलों और अन्य राज्यों से भी हजारों लोग पहुंचे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भरत तिवारी को न्याय दिलाना और एनकाउंटर मामले की निष्पक्ष जांच कराना रहा।

महापंचायत में जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम से पहले भरत तिवारी के परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच केवल निचले स्तर तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उच्च स्तर तक होनी चाहिए।

भरत तिवारी के भाई चंदन ने भी मंच से मांग उठाई कि उनके भाई द्वारा उठाए गए मुद्दों को पूरा किया जाए और इस मामले में शामिल पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाए।

वहीं, नालंदा और दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों से आए लोगों ने भी भरत तिवारी के समर्थन में आवाज उठाई और निष्पक्ष जांच की मांग की। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि इस मामले में न्याय मिलना चाहिए और सच्चाई सामने आनी चाहिए।

फिलहाल महापंचायत जारी है और पूरा इलाका इस मामले में आगे की सरकारी कार्रवाई पर नजर बनाए हुए है।

Next Story