
Bihar: भोजपुर में भरत तिवारी एनकाउंटर मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है। इस पूरे मामले में अब सोशल मीडिया पर सामने आए एक फेसबुक लाइव वीडियो को लेकर चर्चा तेज हो गई है। वीडियो में भरत तिवारी यह दावा करता दिख रहा है कि जो कुछ भी घटनाएं हो रही थीं, वह सब उसकी ही पहले से बनाई गई योजना का हिस्सा था।
जानकारी के अनुसार, जब पुलिस उसे पकड़ने के लिए चारों ओर से घेर रही थी, उसी समय उसने फेसबुक लाइव किया। इस दौरान वह कहता दिखा कि “जो कुछ भी हो रहा है, वह मेरे प्लान के अनुसार हो रहा है, सब मेरे जाल में फंसे हैं।” उसके इस बयान के बाद मामला और भी रहस्यमय हो गया है।
फेसबुक लाइव में भरत ने पुलिसकर्मियों को लेकर भी टिप्पणी की। उसने कहा कि पुलिस छिपकर कार्रवाई कर रही है, जबकि वह सामने से अपनी बात रख रहा है। उसने यह भी कहा कि पुलिस की ओर से फायरिंग की गई और सभी बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर आए हैं, फिर भी डर का माहौल है।
भरत तिवारी ने यह भी आरोप लगाया कि उसे पुलिस द्वारा पागल साबित करने की कोशिश की जा रही है। उसने कहा कि यदि कोई व्यक्ति समाज में बदलाव की बात करता है तो उसे पागल कहा जाता है। उसने प्रशासन से मांग की कि उसकी बातों को सुना जाए और उसकी समस्याओं का समाधान किया जाए।
वीडियो में वह यह भी कहते दिखा कि अगर उसकी मांगें पूरी कर दी जाएं तो वह हथियार छोड़ देगा। उसने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन से सीधे बातचीत की मांग भी की।
इस बीच, एनकाउंटर के बाद भरत तिवारी के परिजन लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं। उसकी मां ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके बेटे को गलत तरीके से पागल बताया गया है। उन्होंने दावा किया कि भरत ने पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी की तलाश की थी और बाद में समाज सेवा के लिए घर छोड़ दिया था।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और फेसबुक लाइव वीडियो सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मामला अब राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गया है।





