बिहार

भरत भूषण तिवारी: बिलौटी गांव में संघर्ष का ऐलान, माहौल गरमाया

Saba Naaz
22 Jun 2026 6:33 PM IST
भरत भूषण तिवारी: बिलौटी गांव में संघर्ष का ऐलान, माहौल गरमाया
x

Bihar: भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड स्थित बिलौटी गांव में भरत भूषण तिवारी मामले को लेकर आंदोलन ने नया रूप ले लिया है। कथित पुलिस मुठभेड़ में मारे गए भरत भूषण तिवारी के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता सचिन मिश्रा ने गांव में अनिश्चितकालीन अनशन शुरू कर दिया है।

अनशन शुरू करने से पहले सचिन मिश्रा ने सिर मुंडवाकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि यह मामला एक फर्जी मुठभेड़ का परिणाम है और जब तक दोषी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

अनशन स्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि जांच निष्पक्ष तरीके से नहीं की गई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर ले जाया जाएगा।

अनशन की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग समर्थन में पहुंचने लगे हैं। मौके पर जुटे लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक न्याय नहीं मिलता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। वहीं प्रशासन की गतिविधियों पर भी लोगों की नजर बनी हुई है और इलाके में स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।

Next Story