बिहार

Bhagalpur : फ्री में आइसक्रीम, बदमाशों ने दुकानदार को मारी गोली

Uma Verma
25 March 2025 11:41 AM IST
Bhagalpur : फ्री में आइसक्रीम, बदमाशों ने दुकानदार को मारी गोली
x

बिहार | भागलपुर जिले के लोदीपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दरिंदगी की हद पार कर दी। सोमवार देर रात जिचछो पोखर के पास एक आइसक्रीम दुकानदार की इसलिए हत्या कर दी गई क्योंकि उसने मुफ्त में आइसक्रीम देने से इंकार कर दिया था। हैरानी की बात ये है कि यह वारदात थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई, लेकिन अपराधी वारदात को अंजाम देकर आराम से फरार हो गए।

कैसे हुई वारदात?

बताया जा रहा है कि रात के समय कुछ युवक आइसक्रीम की दुकान पर पहुंचे और दुकानदार से मुफ्त में आइसक्रीम की मांग करने लगे। जब दुकानदार ने पैसे देने को कहा, तो वे गाली-गलौज पर उतर आए। पहले उसे धमकाया, फिर अचानक एक युवक ने पिस्टल निकालकर सीधे उसके मुंह में गोली मार दी। दुकानदार वहीं गिर पड़ा और खून से लथपथ हो गया।

अपराधियों के भागने के बाद मची अफरा-तफरी

गोली की आवाज सुनते ही इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक अपराधी मौके से भाग चुके थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल दुकानदार को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया

पुलिस की सुस्ती पर उठे सवाल

घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। लोदीपुर थाना बिल्कुल पास में होने के बावजूद अपराधियों का यूं आराम से फरार हो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

इलाके में तनाव, व्यापारी डरे

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।

बिहार में लगातार बढ़ रहे अपराध ने आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी जल्दी कार्रवाई कर पाती है।


Next Story