Begusarai: वसंत पंचमी पर कस्तूरबा विद्यालय में उत्सव का माहौल

बेगूसराय: कंकौल स्थित कस्तूरबा बालिका विद्यालय में कला एवं संस्कृति विभाग बिहार एवं जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में वसंत पंचमी महोत्सव व मां सरस्वती पूजनोत्सव पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर संयुक्त रूप से एडीएम बृज किशोर चौधरी, एडीएम पीजीआरो महेश्वर प्रसाद सिंह, डीडीसी आकाश चौधरी, एमएलसी सर्वेश कुमार, डिप्टी मेयर अनीता राय, एसडीसी पूजा कुमारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम सहनी व कस्तूरबा विद्यालय की शिक्षिका जी पूर्णिमा ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायन, वादन एवं नृत्य की प्रस्तुति कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने की। जिले की चर्चित गायिका दामिनी मिश्रा ने राग-मधुवंती, सरस्वती वंदना में मेरे कंठ बसो महारानी, देशभक्ति गीत श्रोताओं को सुनाकर दिल जीत लिया। तबले पर संगत उनके पिता सदानंद मिश्रा ने किया। कंकौल कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने अपनी सुंदर स्वागत गान एवं नृत्य की प्रस्तुति दिखाकर दर्शकों से खूब तालियां बटोरी।
आगत अतिथियों का भव्य स्वागत कस्तूरबा विद्यालय के संचालक मनोज कुमार, विद्यालय की लेखपाल कामिनी कुमारी, वार्डन संगीता कुमारी, विद्यालय की शिक्षिका प्रीति कुमारी, जी पूर्णिमा ने हरा पौधा और प्रतीक चिन्ह भेंट देकर की। मंच का संचालन विद्यालय की विद्वान शिक्षिका जी पूर्णिमा ने किया। मौके पर संभाग प्रभारी जीवीभी के सायरा खातून, एडीएमओ राजू कुमार, नगर निगम 33 के वार्ड पार्षद उमेश राय सहित कई अन्य लोग भी उपस्थित थे।





