बिहार

बांकीपुर चुनावी रण: अभिषेक बंटी को नीतीश का समर्थन

Saba Naaz
8 July 2026 6:13 PM IST
बांकीपुर चुनावी रण: अभिषेक बंटी को नीतीश का समर्थन
x

पटना: बिहार की राजधानी पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस सीट से युवा नेता अभिषेक कुमार बंटी को उम्मीदवार बनाया है। अभिषेक बंटी गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उनके नामांकन कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहेंगे। नामांकन से पहले बुधवार को बीजेपी प्रत्याशी अभिषेक कुमार बंटी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और जनता दल यूनाइटेड (JDU) सांसद संजय झा भी मौजूद रहे। मुलाकात के बाद अभिषेक बंटी ने मुख्यमंत्री सम्राट से भी भेंट की।

अभिषेक कुमार बंटी भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं और लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वह कायस्थ समाज से आते हैं और बीजेपी के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन के करीबी माने जाते हैं। पार्टी ने संगठन में उनके अनुभव और सक्रियता को देखते हुए बांकीपुर विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा है।

बांकीपुर सीट बीजेपी के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस सीट से नितिन नवीन कई बार विधायक रह चुके हैं। राज्यसभा जाने के बाद यह सीट खाली हुई, जिसके कारण यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। बीजेपी इस सीट पर अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है।

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय बिहार दौरे पर पटना पहुंच रहे हैं। वह गुरुवार को अभिषेक बंटी के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होंगे। नितिन नवीन के लिए भी यह सीट खास महत्व रखती है, क्योंकि लंबे समय तक उन्होंने यहां पार्टी का प्रतिनिधित्व किया है।

बांकीपुर उपचुनाव में इस बार मुकाबला काफी रोचक होने वाला है। बीजेपी के अलावा जनसुराज और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने भी अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर खुद चुनावी मैदान में सक्रिय हैं और लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि वह रोजाना कई घंटे मतदाताओं के बीच रहकर अपनी पार्टी के लिए समर्थन जुटा रहे हैं।

चुनावी माहौल के बीच जनसुराज को उस समय झटका लगा, जब पार्टी नेता बिट्टू सिंह ने इस्तीफा दे दिया। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी अभिषेक बंटी को समर्थन देने का ऐलान किया है। साथ ही उन्होंने बांकीपुर में बीजेपी के पक्ष में प्रचार करने की बात कही है।

वहीं, राष्ट्रीय जनता दल ने बांकीपुर सीट से रेखा कुमारी गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है। हालांकि उम्मीदवार चयन को लेकर पार्टी के अंदर नाराजगी की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। कांग्रेस की ओर से भी इस फैसले को लेकर असंतोष की खबरें हैं।

बांकीपुर विधानसभा सीट पर नामांकन की अंतिम तारीख 13 जुलाई तय की गई है। यहां 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि चुनाव परिणाम 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे। इस बार बीजेपी, जनसुराज और आरजेडी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है।

अभिषेक कुमार बंटी बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष होने के साथ-साथ संगठन में कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। उन्होंने साल 1999 से बूथ और वार्ड स्तर पर राजनीतिक गतिविधियों में भाग लेना शुरू किया था। वर्ष 2020 से 2023 तक वह पटना महानगर भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी ने युवा चेहरे पर भरोसा जताया है। अब देखना होगा कि अभिषेक बंटी पार्टी के गढ़ को बचाने में कितने सफल होते हैं और जनता इस बार किस उम्मीदवार के पक्ष में फैसला सुनाती है।

Next Story