बिहार
रेलवे इंटर स्कूल को बंद करने पर रोक, अयोध्या घाट का होगा विकास
Shantanu Roy
1 Oct 2022 6:10 PM GMT

x
बड़ी खबर
बेगूसराय। केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह के प्रयास से रेलवे इंटर स्कूल गढ़हरा को रेल विभाग द्वारा बंद किए जाने की कार्यवाही पर रोक लग गया है। रेलवे ने डीआरएम सोनपुर को पत्र लिखकर इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिया है। इसके तहत अभी स्कूल ना केवल पूर्व की तरह संचालित होगा, बल्कि अपने नए स्वरूप में आधुनिक संसाधनों से लैस भी होगा। पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने व्यक्तिगत पहल करते हुए इसके लिए रेल मंत्री को पत्र लिखा था। इसी के आलोक में जेडआरयूसीसी के सदस्य के रूप में अमरेन्द्र कुमार अमर ने इस मसले को जोरदार ढंग से अधिकारियों के समक्ष उठाया था। रेलवे का यह आदेश केंद्रीय विद्यालय बरौनी एवं आसपास के लोगों के शैक्षणिक विकास में सहयोगी होगा।
केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के सहयोग से तेघड़ा के अयोध्या घाट के विकास एवं उसके सौंदर्यीकरण के लिए केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय ने इसे राष्ट्रीय गंगा मिशन में शामिल करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में भारत सरकार के जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सांसद को पत्र लिखकर इस संबंध में अवगत कराया है तथा राज्य सरकार से इस संबंध में अग्रेतर कार्रवाई करने को कहा है। भाजपा नेता और सांसद प्रतिनिधि अमरेन्द्र कुमार अमर ने बताया कि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह बेगूसराय के संवेदनशील मुद्दों पर हमेशा सक्रिय रहते हैं। यही कारण है कि शैक्षिक संस्थान गढ़हरा को पुनः नियमित कराने तथा अयोध्या घाट के पूर्ण धार का काम किया गया है। जन सरोकार से जुड़े सभी समस्याओं के लिए सांसद की सक्रियता तथा क्षेत्र में लगातार सम्पर्क से आम लोगों को सजग प्रतिनिधि का एहसास होता है।
Next Story