बिहार

शादी समारोह के दौरान हथियारबंद बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, दो युवकों की मौत

jantaserishta.com
25 Nov 2026 8:34 AM IST
शादी समारोह के दौरान हथियारबंद बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, दो युवकों की मौत
x
मची चीख-पुकार.
भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले में मंगलवार रात एक शादी समारोह के दौरान हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी की। इस फायरिंग में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। गोलीबारी की इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
यह मामला भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चकिया गांव का है। बताया गया कि चकिया गांव निवासी नरेश यादव की बेटी नेहा की शादी थी। बारात कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के पद्मिनिया गांव से आई थी। बारात आने के बाद जयमाला का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसके बाद सभी ने खाना खाया और आपस में बातचीत करने लगे।
इसी दौरान दो बाइकों पर सवार छह हथियारबंद अपराधी वहां पहुंचे और बिना कुछ कहे फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी में किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। गोलियों की आवाज से पूरा समारोह दहल उठा। देखते ही देखते शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं।
फायरिंग के दौरान एक युवक को बाएं कान और सिर के दाहिने हिस्से में गोली लगी, जबकि दूसरे युवक के पेट, दाहिने हाथ की बांह, बाएं हाथ के कंधे और कोहनी के पास गोली लगी। दोनों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शुभकरणगंज गांव निवासी सनोज यादव के 20 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार और महंत यादव के 21 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। वहीं, जख्मी युवक दौलतपुर गांव निवासी सुरेंद्र यादव का 18 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार है। उसकी दाहिनी जांघ में गोली लगी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने राहुल और दीपक को मृत घोषित कर दिया। सोनू का इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ वन सुशील कुमार पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। वहां जख्मी सोनू से घटना की जानकारी लेने के बाद घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू की।
एसडीपीओ ने बताया कि शादी समारोह के दौरान तीन युवकों को गोली मारी गई, जिसमें दो की मौत हो गई है। प्रारंभिक जांच में पूर्व के विवाद की बात सामने आई है। इस मामले में दो-तीन बिंदुओं पर जांच की जा रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। कुछ संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story