बिहार
आजादी का अमृत महोत्सव : जीविका दीदी ने बेगूसराय में बनाया 55 हजार तिरंगा
Shantanu Roy
14 Aug 2022 5:15 PM GMT

x
बड़ी खबर
बेगूसराय। आजादी का 75 वर्ष पूरा होने पर आयोजित अमृत महोत्सव ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता ही नहीं आर्थिक समृद्धि का अमृत महोत्सव साबित हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अमृत महोत्सव के तहत आयोजित हर घर तिरंगा अभियान में बेगूसराय की पांच सौ से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया है। बेगूसराय में ग्रामीण विकास मंत्रालय के जीविका परियोजना के तहत काम करने वाली पांच सौ से अधिक जीविका दीदियों ने 55 हजार से ज्यादा तिरंगा तैयार किया, जिससे उन्हें अच्छी आय हुई है। तिरंगा तैयार करने का सिलसिला रविवार की शाम तक जारी रहा। समूह बनाकर तिरंगा तैयार कर रही महिलाओं में से कोई तीनों रंग का कपड़ा अलग-अलग तैयार कर रही है, तो कोई तीनों को सिल रही है। कोई उसमें साइड मोड़ रही है तो कोई उसे तह कर रही है, कुछ महिलाओं के जिम्मे बाजार तक पहुंचाने का रहा।
तिरंगा बनाने में महिलाओं को जब अच्छी आय हुई तो उन लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया है। तिरंगा तैयार कर रही सीता देवी, राधा देवी, सुशीला एवं रामसखी आदि ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा शुरू किया गया आत्मनिर्भर भारत अभियान हम महिलाओं के लिए जीविका का साधन बना, हम जीविका दीदी इससे काफी लाभान्वित हो रहे हैं। अब जब देश आजादी का अमृत महोत्सव बनाया रहा है तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प ने आर्थिक समृद्धि पहुंचाई है।
केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने जीविका दीदी के इस जज्बे को नमन किया है। उन्होंने कहा कि हम अपने संसदीय क्षेत्र बेगूसराय की जीविका दीदी को भी सलाम करते हैं, जो हर घर में तिरंगा अभियान में लगी हैं। जीविका दीदी ने इस अभियान के लिए 55 हजार तिरंगे बनाए हैं। जीविका दीदी द्वारा बनाए गए 30 हजार झंडे हमारे कार्यालय से दो दिन पहले वितरित किए गए तथा आज फिर से 25 हजार झंडे वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि बेगूसराय के जीविका दीदी आत्मनिर्भर भारत में अपने आर्थिक समृद्धि के लिए बेहतर कार्य कर रही हैं। आजादी के अमृत महोत्सव में इन लोगों ने ना केवल हर घर तिरंगा के लिए ना सिर्फ तिरंगा बनाकर तैयार किया, बल्कि आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के लिए भी लगातार कार्यक्रम कर लोगों को जागरूक किया है।
Next Story