
x
पटना। बिहार में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 51 लाख रुपये का योगदान दिया है। बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए यह राशि सौंपी।लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर 51 लाख रुपये का चेक सौंपा। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के इस योगदान के लिए आभार जताते हुए कहा कि राहत कोष की राशि का इस्तेमाल आपदा और कठिन परिस्थितियों में जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए किया जाएगा।
बाढ़ प्रभावितों की मदद में जुटी सरकार
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी बिहार में बाढ़ की स्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और केंद्र सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत शिविर, सामुदायिक रसोई, चिकित्सा सुविधाएं और पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही प्रभावित किसानों की फसलों के नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
राहत और बचाव अभियान जारी
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें तैनात की गई हैं। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य लगातार चलाए जा रहे हैं।आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, बिहार के 15 जिलों में बाढ़ से करीब 49.67 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। प्रभावित जिलों में पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा और अररिया शामिल हैं।
Next Story





