
Bihar: पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने बिहार के कई जिलों के लिए अगले तीन दिनों यानी 22, 23 और 24 जून को खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान राज्य में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ जिलों में हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।
22 जून को बिहार के कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। पटना, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, जहानाबाद, अरवल, जमुई, मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर, बांका, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, अररिया, कटिहार और किशनगंज में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन इलाकों में 50-60 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। वहीं पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
23 जून को राज्य में ऑरेंज अलर्ट नहीं रहेगा, लेकिन उत्तर और पूर्वी बिहार के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी रहेगा। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। प्रभावित जिलों में सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई शामिल हैं।
24 जून को भी बिहार के कई हिस्सों में येलो अलर्ट जारी रहेगा। पश्चिम और उत्तर बिहार के जिलों जैसे पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी और शिवहर में गरज-चमक और तेज हवाओं का असर रहेगा। वहीं सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों, बिजली के खंभों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें। वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लें और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। किसानों और यात्रियों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी गई है।





