बिहार

ससुराल पहुंचकर सिपाही ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, ससुर की मौत, साला घायल

Tulsi Rao
1 Jun 2022 4:21 PM GMT
ससुराल पहुंचकर सिपाही ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, ससुर की मौत, साला घायल
x
पढ़े पूरी खबर

मुंगेर में एक सिपाही ने अपने ससुराल में पहुंचकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात में ससुर की मौत हो गई और साला घायल हो गया है। वारदात के बाद हमलावर सिपाही ने आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सिपाही सोनू का आंचल से प्रेम विवाह हुआ था। शादी के बाद अनबन होने से आंचल अपने मायके में रह रही थी। आंचल की विदाई को लेकर ही झगड़ा चल रहा था।

मुंगेर के घोसी टोला में बिसहरी गरी निवासी गिरधर साव ग्रामीण बैंक शाखा बांका में कैशियर के पद पर कार्यरत थे। उनकी बेटी आंचल की शादी जमुई में पुलिस अधीक्षक के आवास पर सिपाही के पद पर तैनात सोनू के साथ हुई थी। आंचल ने बताया कि उन दोनों की शादी प्रेम विवाह थी। इसको परिवार वालों ने स्वीकार कर लिया था। शादी के बाद पति का व्यवहार बदल गया और लगातार गाली-गलौज और मारपीट करने लगा था। इससे आजिज आकर वह मायके में रह रही थी।
आंचल की विदाई को लेकर ही अनबन चल रही थी। आंचल ने बताया कि वह मुझे ले जाना चाह रहे थे। लेकिन उनके व्यवहार को देखते हुए नहीं जाना चाह रही थी। घर-परिवार वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करते रहते थे। इसीलिए मैं वहां नहीं जाना चाहती थी।
Next Story